रामपुर। गांवों की जनसमस्याओं को लेकर ग्रामीणों को अब तहसील या कलक्ट्रेट के चक्कर नहीं लगाने होंगे, बल्कि गांव में ही जन चौपाल के माध्यम से समस्या का निदान हो जाएगा। इस संबंध में जिलाधिकारी ने सभी प्रशासनिक अधिकारियों को दिशा निर्देश जारी कर दिए गए हैं। इसके तहत जन चौपाल संबंधित तहसील के चिन्हित गांवों में लगेंगी, जहां संपूर्ण समाधान दिवस के बाद अधिकारी गांवों में जाकर समस्याएं सुनेंगे और उनका निस्तारण कराएंगे।
जिलाधिकारी रविंद्र कुमार मांदड़ के निर्देशानुसार अब प्रत्येक संपूर्ण समाधान दिवस के बाद दोपहर तीन बजे से चिन्हित गांवों में जन चौपाल का आयोजन होगा। जिसमें सरकार की विकास परक योजनाओं एवं कार्यक्रमों का क्रियान्वयन एवं जनसमस्याओं का प्रभावी निराकरण कराया जाएगा। जिलाधिकारी ने बताया कि चार सितंबर को तहसील स्वार में उनकी अध्यक्षता में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन होगा।
इसके बाद वे ग्राम हरदासपुर कोठरा में आयोजित जनचौपाल में सम्मिलित होकर जनसमस्याएं सुनेंगे। इसी प्रकार 18 सितंबर को तहसील शाहबाद में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस के बाद ग्राम किरा में जन चौपाल होगी। प्रशासन ने जन चौपाल का शेडयूल दिसंबर माह तक का जारी कर दिया है।
जिलाधिकारी की अध्यक्षता में आयोजित चौपाल में मुख्य विकास अधिकारी भी उपस्थित रहेंगी। इसी प्रकार जिलाधिकारी ने अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व, अपर जिलाधिकारी प्रशासन सहित समस्त उपजिलाधिकारियों की उपस्थिति में आयोजित होने वाली जनचौपाल बारे में भी गांवों का निर्धारण करते हुए विस्तृत दिशा निर्देश जारी किए हैं।
जनचौपालों में मौजूद रहेंगे ये कर्मचारी :
जिलाधिकारी ने जनचौपाल के माध्यम से अधिकतम लोगों को लाभान्वित कराने के लिए समस्त जिला स्तरीय अधिकारियों को आदेश जारी किए है। इसके साथ ही उन्होंने जन चौपालों में स्थानीय कार्मिक जैसे शिक्षक, लेखपाल, सचिव, आंगनबाड़ी कार्यकत्री, एएनएम, आशा और रोजगार सेवक भी अपनी विभागीय योजनाओं व कार्यक्रमों की जानकारी के साथ उपस्थित रहने के निर्देश दिए हैं। चौपाल के आयोजन से पूर्व ग्रामीणों को चौपाल के बारे में विभिन्न माध्यमों से जानकारी प्रदान की जाएगी।