मसवासी/स्वार (रामपुर)। सुल्तानपुर पट्टी-मसवासी मार्ग पर मिलक नौखरीद गांव में रेत से लदे डंपर चालक ने सड़क किनारे खड़े ट्रैक्टर में टक्कर मार दी, जिसमें ट्रैक्टर स्वामी घायल हो गया। हादसे से गुस्साए ग्रामीणों ने डंपर चालक चालक हारुन की पिटाई कर दी। इस दौरान करीब दो घंटे तक मार्ग पर जाम लगा रहा। घटना की सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह लोगों को समझा-बुझाकर मामला शांत कराया। पुलिस ने चालक को हिरासत में लेते हुए डंपर कब्जे में ले लिया है।
सोमवार की सुबह करीब आठ बजे उत्तराखंड सीमा स्थित मिलक नौखरीद गांव निवासी किसान महेशचंद्र अपने बेटों अरुण और कुणाल के साथ खेत पर जाने के लिए सड़क के किनारे स्थित अपने आवास के बाहर ट्रैक्टर को स्टार्ट करने के लिए खड़े थे। इसी दौरान सुल्तानपुर पट्टी की ओर से रेत से लदा ओवरलोड डंपर तेज गति से आया और ट्रैक्टर में पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में ट्रैक्टर स्वामी महेशचंद्र (45) घायल हो गए। गनीमत है कि उनके बेटे डंपर की चपेट में नहीं आए। अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था। घटनास्थल पर ग्रामीण एकत्र हो गए। ग्रामीणों ने डंपर चालक को रोक लिया। भीड़ ने डंपर चालक की पिटाई कर दी। करीब दो घंटे तक चले हंगामे के कारण सुल्तानपुर पट्टी-मसवासी मार्ग पर जाम लग गया। दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। सूचना मिलने पर मसवासी पुलिस आ गई। पुलिस ने चालक को ग्रामीणों के कब्जे से मुक्त कराया। पुलिस ने ग्रामीणों को शांत कराकर सुबह करीब 10 बजे जाम खुलवाया। पुलिस ने घोसीपुरा निवासी डंपर चालक हारुन को मसवासी चौकी ले आई। किसी भी पक्ष की ओर से तहरीर नहीं दी गई। दोनों पक्षों के बीच समझौता हो गया है।