सैफनी(रामपुर)। भूमि विवाद में दो पक्षों में कहासुनी के दौरान मारपीट हो गई। आरोप है कि इस दौरान दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर फायरिंग करने का आरोप भी लगाया है। जिसमें दो लोग घायल हो गए। सूचना पर पुलिस भी पहुंच गई और घायलों का सीएचसी में उपचार कराया गया।
सोमवार सुबह को सैफनी थाना क्षेत्र के एक गांव स्थित कृषि भूमि को इसी थाना क्षेत्र के एक पक्ष के और मुरादाबाद जनपद के एक थाना क्षेत्र निवासी दूसरे पक्ष के लोग आमने-सामने आ गए। विवाद उस वक्त हुआ जब सैफनी थाना क्षेत्र निवासी एक पक्ष गन्ने की फसल काट रहा था, जिसका दूसरे पक्ष के लोगों ने विरोध किया। इसी बात को लेकर कहासुनी और मारपीट हो गई। जिसमें दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर फायरिंग का भी आरोप लगाया। सूचना पाकर पुलिस घटनास्थल पर पहुंच गई। उधर घायलों को शाहबाद सीएचसी में भर्ती कराया गया। जहां पर चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को रेफर कर दिया। बाद में सीओ ने घटना स्थल पर पहुंचकर मौके का मुआयना किया। देर शाम तक इस मामले में दोनों पक्षों की ओर से कोई तहरीर नहीं दी गई थी।
सीओ धर्म सिंह मार्छाल ने बताया कि फायरिंग की सूचना मिली थी, जिस पर मौका मुआयना किया गया है। घायलों का उपचार कराया जा रहा है। मामले की जांच की जा रही है।