रामपुर। स्कूली बच्चों को स्कूल लाने और छुट्टी के बाद स्कूल से ले जाने वाले 50 वाहन बिना फिटनेस के सड़कों पर दौड़ रहे हैं। फिटनेस के लिए नोटिस भी जारी किए गए हैं। अब ऐसे वाहनों के खिलाफ चेकिंग अभियान चलाकर कार्रवाई की जाएगी। इसके लिए एक टीम का गठन भी किया जाएगा।
जिले में 280 स्कूल वाहनों का संचालन हो रहा है। इनमें से 50 वाहनों की फिटनेस नहीं है। ऐसे में परिवहन विभाग ने स्कूल संचालकों को फिटनेस के बाद ही बस चलाने के निर्देश दिए हैं। परिवहन विभाग के अनुसार जनपद में 280 स्कूली बसों का पंजीयन है। कोरोना संक्रमण के चलते करीब दो वर्षों से स्कूलों में लगी अधिकतर बसें खड़ी हुई थीं। कोरोना संक्रमण के दौरान जहां स्कूल-कॉलेज बंद रहे। ऐसे में स्कूली वाहन भी खड़े रहे, इससे कई वाहनों की फिटनेस समाप्त हो गई और स्कूल न खुलने के कारण वाहनों की फिटनेस नहीं कराई गई। परिवहन विभाग ने ऐसे करीब 50 वाहन चिह्नित किए हैं। अब परिवहन विभाग एक टीम बनाने की तैयारी कर रहा है। जो विद्यालयों में बसों की फिटनेस प्रमाणपत्र, बीमा, परमिट, प्रदूषण नियंत्रण प्रमाणपत्र और अन्य मानकों की जांच करेगी।