रामपुर। जिले में इस वर्ष अब तक 181 लोग डेंगू की चपेट में आ चुके हैं। हालांकि इनमें से 132 डेंगू मरीज उपचार के बाद ठीक हो चुके हैं। सोमवार को जिला अस्पताल में पांच डेंगू मरीज भर्ती थे, जबकि 44 मरीज घर पर रहकर ही निजी और सरकारी चिकित्सकों के परामर्श पर उपचार करा रहे हैं। सोमवार को जिले में डेंगू का कोई नया मामला सामने नहीं आया है।
प्रदेश भर में इस समय डेंगू कहर बरपा रहा है। जिले में सरकारी आंकड़ों की ही माने तो अब तक 181 लोगों में डेंगू की पुष्टि हो चुकी है। हालांकि निजी अस्पतालों में भी तमाम लोगों में डेंगू की पुष्टि हुई है। जिले में सोमवार को कोई नया डेंगू मामला सामने नहीं आया है। जिला मलेरिया अधिकारी पंकज द्विवेदी ने बताया कि जिले में अब तक 181 डेंगू मरीज सामने आ चुके हैं लेकिन, किसी भी डेंगू पीड़ित की अभी तक मौत नहीं हुई है। मलेरिया अधिकारी ने बताया कि जिले में अब तक 132 डेंगू मरीज उपचार के बाद स्वस्थ हो गए हैं। सोमवार को सिर्फ पांच डेंगू मरीज ही सरकारी अस्पताल में भर्ती थे। मलेरिया अधिकारी ने बताया कि डेंगू की रोकथाम, उपचार और जांच के लिए जिले में पर्याप्त सुविधा है। डेंगू की एलीजा जांच की सुविधा जिला अस्पताल में उपलब्ध है। जिसकी रिपोर्ट 24 घंटे में मिल रही है, जबकि पीएचसी -सीएचसी पर रैपिड टेस्ट किट के माध्यम से डेंगू की जांच की जा रही है। जिला अस्पताल में बीस बेड और सीएचसी पर दस-दस बेड के डेंगू वार्ड बने हुए हैं।