बोलेरो कार में बैग टकराने से अनियंत्रित होकर बाइक सड़क पर गिर गई। इस दौरान सामने से आ रहे एक ट्रक ने बाइक सवार छात्र को कुचल दिया, जिससे मौके पर ही छात्र की मौत हो गई। वहीं हादसे में बाइक पर सवार एक अन्य युवक भी ट्रक की चपेट में आकर घायल हो गया। सूचना पर परिजन मौके पर पहुंच ग ए और परिजनों ने जाम लगाकर हंगामा करना शुरू कर दिया। पुलिस ने बमुश्किल परिजनों को समझा-बुझाकर जाम खुलवा शव को पोस्टमार्टम को भिजवाया।
नगर के मुहल्ला मंगोली निवासी रामतीर्थ का 21 वर्षीय बेटा नितेश राजकीय इंटर कालेज में कक्षा 11 का छात्र था। नितेश शनिवार को शंकरपुर गांव निवासी अपने भांजे देवेंद्र के साथ बहन कुसुम को बाइक से पटवाई थाना क्षेत्र के गांव लदोरी अपनी बुआ के घर छोड़ने जा रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक इसी दौरान नगर में चंदौसी बस अड्डे समीप एक बोलेरो को ओवरटेक करते समय नितेश की बाइक पर रखा बैग बोलेरो में फंस गया। जिससे बाइक अनियंत्रित हो गई। इसी दौरान सामने से एक ट्रक आ गया, जिसकी चपेट में नितेश और देवेंद्र आ गए। हादसे में नितेश की मौके पर ही मौत हो गई जबकि देवेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद ट्रक चालक ट्रक लेकर फरार हो गया।
सूचना पर परिजन भी मौके पर पहुंच गए और परिजनों ने जाम लगाकर हंगामा करना शुरू कर दिया। जाम व हंगामे की सूचना पर कोतवाली प्रभारी आरपी सिंह भी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने परिजनों को समझा-बुझाकर जाम खुलवाया और घायल को उपचार के लिए सीएचसी भिजवाया। सीएचसी पर डाक्टरों ने नितेश को मृत घोषित कर दिया जबकि देवेंद्र को भी जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। हादसे के बाद पुलिस ने ट्रक को करीमगंज राणा शुगर मिल के पास पकड़ लिया लेकिन, तब तक चालक फरार हो चुका था। हादसे में अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।