रामपुर में कंप्यूटर सेंटर संचालक के खिलाफ पुलिस ने धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है। रामपुर थाना में भादंसं की धारा 417, 418 और 420 के तहत मामला दर्ज किया गया है। हाल ही में कंप्यूटर सेंटर के छात्रों ने रामपुर एसडीएम से शिकायत की थी। साथ ही पुलिस में दर्ज रिपोर्ट में बताया गया कि प्रशिक्षुओं को कंप्यूटर कोर्स के बाद फर्जी प्रमाण पत्र बांटे गए।
छात्रों ने बताया कि जिस कंप्यूटर सेंटर में कोर्स किया था, वहां से मिलने वाले प्रमाण पत्र की मान्यता नहीं है। उनसे मोटी रकम लेकर धोखाधड़ी की गई है। इस मामले में एसडीएम रामपुर ने कड़ा नोटिस लेते हुए कंप्यूटर सेंटर संचालक के खिलाफ मामला दर्ज करने के रामपुर थाना पुलिस को निर्देश दिए। इसके बाद रामपुर पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना में कंप्यूटर सेंटर संचालक के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है। रामुपर थाना प्रभारी संजीव कुमार ने मामले की पुष्टि की। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षुओं ने इस संबंध में एसडीएम रामपुर से शिकायत की थी। इसके बाद रामपुर थाना में कंप्यूटर सेंटर संचालक के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस इस मामले की छानबीन कर रही है। इसके अलावा पुलिस कंप्यूटर सेंटर के प्रशिक्षुओं और कंप्यूटर सेंटर संचालक के बयान दर्ज करेगी।