रामपुर। सपा सांसद आजम खां के बेटे अब्दुल्ला आजम के खिलाफ दो जन्म प्रमाणपत्र, दो पैन कार्ड और दो पासपोर्ट के आरोप में दर्ज मुकदमों में सोमवार को एमपी-एमएलए कोर्ट में शासकीय अधिवक्ता ने बहस की। इसके बाद कोर्ट ने मामले में मंगलवार (26 अक्तूबर) को भी सुनवाई करने के आदेश दिए हैं।
भाजपा लघु उद्योग प्रकोष्ठ के पूर्व क्षेत्रीय संयोजक आकाश सक्सेना ने सिविल लाइंस थाने में अब्दुल्ला आजम के दो पैन कार्ड और दो पासपोर्ट के मामले में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इसके साथ ही आकाश सक्सेना ने गंज थाने में भी अब्दुल्ला आजम के खिलाफ दो जन्म प्रमाण पत्र मामले में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। दो जन्म प्रमाणपत्र मामले में सपा सांसद आजम खां, शहर विधायक डॉ. तजीन फात्मा और अब्दुल्ला आजम तीनों आरोपी हैं। जबकि, दो पैन कार्ड मामले में सपा सांसद आजम खां और उनके बेटे अब्दुल्ला आजम आरोपी हैं। इसके साथ ही दो पासपोर्ट मामले में सिर्फ अब्दुल्ला आजम आरोपी हैं। यह तीनों मामले एमपी-एमएलए कोर्ट में चल रहे हैं। जिसमें कोर्ट ने इन तीनों मामलों में आरोप तय कर दिए हैं। इन तीनों मामले में वादी आकाश सक्सेना की गवाही हो गई है। इसके साथ दो पैन कार्ड मामले में एक बैंक के शाखा प्रबंधक की भी गवाही हो चुकी है। सोमवार को इन तीनों मामलों में कोर्ट में शासकीय अधिवक्ता द्वारा बहस की गई। मामले में बचाव पक्ष के अधिवक्ता की ओर से पूर्व में प्रार्थना पत्र दाखिल कर कहा गया था कि इन मामलों की सुनवाई एमपी-एमएलए कोर्ट की जगह मजिस्ट्रेट (लोअर कोर्ट) में की जाए। इसी को लेकर सोमवार को सुनवाई के दौरान शासकीय अधिवक्ता ने बहस की। इस मामले में कोर्ट ने अगली तारीख 26 अक्तूबर तय की है।