रामपुर। कचहरी परिसर स्थित हवालात में पशु तस्करी के आरोपी की हालत बिगड़ गई। उसे आनन-फानन में अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। आरोपी की मौत के बाद पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना की जानकारी मिलने के बाद परिवार के लोग भी मौके पर पहुंच गए। परिवार में कोहराम मच गया है। आरोपी युवक ने कोर्ट में सरेंडर किया था,जिसके बाद कोर्ट ने उसे जेल भेजने के आदेश कर दिए थे।
मामला गंज थाना क्षेत्र से जुड़ा हुआ है। गंज थाना क्षेत्र के मुहल्ला इस्लामगंज निवासी इस्लाम पुत्र असलम पशु तस्करी के आरोप में वांछित चल रहा था। कुछ दिन पहले गंज पुलिस ने गोवंशीय पशु बरामद किए थे। मौके से इस्लाम फरार हो गया था। पुलिस ने मौके से उसका मोबाइल बरामद कर लिया था,जिसके बाद पुलिस की तफ्तीश में उसका नाम खोला गया था। इस्लाम ने सोमवार को अपने अधिवक्ता के माध्यम से कोर्ट में सरेंडर कर दिया,जिसके बाद कोर्ट ने उसे कस्टडी में लेते हुए जेल भेजने के आदेश कर दिए। पुलिस उसे अपने साथ कचहरी परिसर स्थित जिला हवालात में ले गई,जहां अचानक उसने सीने में दर्द उठने की शिकायत पुलिस कर्मियों से की,जिसके बाद आनन-फानन में पुलिस कर्मी उसे जिला अस्पताल ले गए,जहां पर डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। आरोपी युवक की मौत की खबर के बाद पुलिस व प्रशासनिक हलके में खलबली मच गई। घटना की जानकारी मिलते ही सिटी मजिस्ट्रेट ओमप्रकाश व सीओ सिटी ओपी आर्य भी जिला अस्पताल पहुंच गए। साथ ही मामले की जानकारी मिलते ही परिवार के लोग भी मौके पर पहुंच गए। इस्लाम की मौत के बाद परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने इस्लाम के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।