रायबरेली। एक तरफ रेल लाइन दोहरीकरण का कार्य और दूसरी तरफ रायबरेली यार्ड रिमॉडलिंग के चलते ट्रेनों का संचालन प्रभावित है। दो जोड़ी ट्रेनों को 7 सितंबर तक निरस्त कर दिया गया है। ये दोनों गाड़ियां बुधवार से निरस्त हो गईं हैं।
इससे लखनऊ से वाराणसी और प्रयागराज संगम के बीच सफर करने वाले यात्रियों के लिए मुश्किलें बढ़ गईं हैं। उन्हें सफर करने के लिए बसों का सहारा लेना पड़ रहा है।
इस समय रेलवे स्टेशन पर यार्ड रिमॉडलिंग के साथ ही दोहरीकरण कार्य को तेजी से पूरा किया जा रहा है। ट्रेनों के संचालन के लिए सिर्फ प्लेटफार्म नंबर एक ही प्रयोग किया जा रहा है।
कार्य के दौरान ट्रेनों के आवागमन और सिर्फ एक प्लेटफार्म होने की वजह से काफी दिक्कत आ रही है। इसीलिए दो जोड़ी गाडिय़ों को निरस्त किया गया है। इनमें प्रयागराज संगम से लखनऊ जाने वाली गाड़ी संख्या-04209 एवं लखनऊ से प्रयागराज संगम जाने वाली गाड़ी संख्या-04210 के साथ ही वाराणसी से लखनऊ जाने वाली गाड़ी संख्या-04269 एवं लखनऊ से वाराणसी जाने वाली गाड़ी संख्या-04270 शामिल है।
दोनों जोड़ी गाड़ियां 11 अगस्त से 7 सितंबर तक के लिए निरस्त की गई हैं। स्टेशन अधीक्षक राकेश कुमार ने बताया कि यार्ड रिमॉडलिंग के कार्य की वजह से इन गाड़ियों को निरस्त किया गया है।
ढहा दिए पुराने प्लेटफार्म और फुट-ओवरब्रिज, नए बन रहे
रायबरेली स्टेशन के यार्ड रिमॉडलिंग कार्य के तहत प्लेटफार्म नंबर दो-तीन के साथ ही पुराने फुट-ओवरब्रिज (एफओबी) को ढहा दिया गया है। इसकी जगह पर नया प्लेटफार्म और नया फुट-ओवरब्रिज तैयार किया जा रहा है। इसे जल्दी ही पूरा कर लिया जाएगा।
फिलहाल इस समय सभी ट्रेनों का संचालन और ठहराव प्लेटफार्म नंबर एक से हो रहा है। पुराने प्लेटफार्म को तोड़ने के बाद रेल लाइन दोहरीकरण के तहत नई पटरियां बिछाई जाएंगी। इसके लिए तेजी से कार्य चल रहा है। स्टेशन अधीक्षक राकेश कुमार का कहना है कि यार्ड रिमॉडलिंग के साथ ही रेल लाइन दोहरीकरण का कार्य भी तेजी से चल रहा है। पुराने प्लेटफार्म और एफओबी को तोड़ दिया गया है। नय प्लेटफार्म और एफओबी जल्दी तैयार हो जाएगा।