बछरावां निवासी मनोज कुमार तिवारी वैसे तो आयकर दाता हैं, लेकिन सम्मान निधि योजना का लाभ पाने में पीछे नहीं है। बकायदा उन्होंने आवेदन करके इसका लाभ लिया। उनके खाते में दो-दो हजार रुपये की चार किश्तें भेजी गईं। मामला जानकारी में आने पर 10 अगस्त 2020 से उनके खाते में पैसा ट्रांसफर करना बंद कर दिया गया। अब इनसे वसूली की तैयारी हो रही है।
केस दो
सलोन के रहने वाले नीरज कुमार भी सम्मान निधि योजना का लाभ मनमाने ढंग से लेने में नहीं चूके। गुमराह करके तीन बार में दो-दो हजार रुपये की किश्त ले ली, जबकि वह स्वयं आयकर दाता हैं। मामला जानकारी में आने के बाद नीरज के खाते में भी पैसा भेजना बंद कर दिया गया है। अब नीरज से योजना के तहत दिए गए पैसे को जमा करने के लिए कहा गया है।
रायबरेली। गरीब किसानों के लिए शुरू की गई प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना का लाभ पाने में अमीर भी पीछे नहीं रहे। 3,140 आयकर दाताओं ने गरीब किसानों का पैसा डकार लिया। जांच में इसका खुलासा हुआ तो हड़कंप मच गया।
गड़बड़झाला का खुलासा होने पर सभी आयकरदाताओं के खाते में पैसा देना बंद करा दिया गया है। अब इन लोगों से पैसा वसूली की प्रक्रिया शुरू करा दी गई है। अफसरों का मानना है कि यदि पैसा नहीं जमा किया तो सभी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई जाएगी।
प्रधानमंत्री सम्मान निधि योजना के तहत पात्र किसानों को हर साल छह हजार रुपये दिए जाते हैं। मौजूदा समय की बात करें तो जिले में कुल किसानों की संख्या चार लाख 50 हजार 236 है। सम्मान निधि योजना में मनमानी की शिकायतें हुईं तो जांच कराई गई।
जांच में पता चला कि तीन हजार 140 ऐसे लोग हैं, जो आयकर भर रहे हैं, लेकिन इस योजना का लाभ ले रहे हैं। जांच में यह बात सामने आने पर केंद्र सरकार ने इन आयकरदाताओं के खाते में पैसा देना बंद कर दिया।
विभागीय अधिकारियों को वसूली का आदेश दिया है। बावजूद इसके अफसर आयकरदाताओं से पैसा वसूली नहीं कर पा रहे हैं। मौजूदा समय में जिले में चार लाख 29 हजार किसानों को सम्मान निधि योजना का लाभ मिल रहा है।
आधारकार्ड लिंक न होने से रुका पैसा
जिले में कुछ ऐसे किसान हैं, जो योजना के तहत पात्र तो हैं, लेकिन उनका आधार कार्ड लिंक न होने से उनके खाते में पैसा नहीं आ पा रहा है। इससे उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
कृषि विभाग के अफसरों का कहना है कि जिन कृषकों का पैसा रोक दिया गया है, वह किसान परेशान न हों। किसान सिर्फ अपना आधार कार्ड डीबीटी (डायरेक्ट बेनीफिट ट्रांसफर) आप्शन से लिंक करा लें। ऐसा करने के बाद रोकी गई किश्त उनके खाते में ट्रांसफर कर दी जाएगी।
जिले में तीन हजार से ज्यादा ऐसे लोग हैं जो आयकर दाता होते हुए भी किसान सम्मान निधि योजना का लाभ रहे थे। जांच में खुलासा होने पर खाते में पैसा भेजना बंद करा दिया गया है। कुल कितना पैसा आयकरदाताओं के खाते में भेजा गया है, यह आंकड़ा जुटाया जा रहा है। इन सभी से वसूली कराई जाएगी।
रविचंद्र प्रकाश, जिला कृषि अधिकारी