महराजगंज (रायबरेली)। तहसील क्षेत्र में महराजगंज-इन्हौना मार्ग और मऊ से सिकंदरपुर संपर्क मार्ग के नवीनीकरण को लेकर चल रहा बाबा रामकेवल अनशनकारी का आंदोलन अब भूख हड़ताल में बदल गया।
शुक्रवार को एडीएम प्रशासन अमित कुमार के साथ एसडीएम सुभाष चंद्र यादव, तहसीलदार अनिल कुमार पाठक, नायब तहसीलदार श्रीकांत पांडेय, लोक निर्माण विभाग के एक्सईएन दिनेश कुमार कुरील, सहायक अभियंता राजेश कुमार अनशन स्थल पहुंचे।
अनशनकारी बाबा से वार्ता की। काफी देर तक मान-मनौव्वल का दौर चला, लेकिन बाबा ठोस कार्रवाई पर अड़े रहे। कहा कि जब तक दोनों सड़कों के नवीनीकरण का कोई ठोस प्रमाण नहीं मिलता, तब तक यह आंदोलन जारी रहेगा।
बेमियादी भूख हड़ताल पर डटे बाबा को हर किसी का सहयोग मिल रहा है। हर कोई उनका समर्थन कर रहा है। लोगों का कहना है कि बाबा की मांगें जायज हैं। यह मांग केवल एक के नहीं, बल्कि सड़क बनने से हर किसी को लाभ मिलेगा।
एक्सईएन ने बाबा को बताया कि महराजगंज-इन्हौना मार्ग पर पैचिंग का काम चल रहा है। दिवाली से पहले यह काम हो जाएगा। विभाग ने 31 करोड़ का स्टीमेट बनाकर भेजा जा चुका है। बजट मिलते ही काम शुरू करा दिया जाएगा।
एक्सईएन ने अधिवक्ताओं से मांगी माफी
अनशन स्थल पर अधिकारियों की वार्ता की जानकारी होने पर अधिवक्ता भी पहुंच गए। बीते दिन एक्सईएन की अभद्रता से खफा अधिवक्ताओं ने एक्सईएन दिनेश कुमार कुरील के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। मुर्दाबाद के नारे लगाए। इस पर एक्सईएन ने अधिवक्ताओं से माफी मांगी। इस मौके पर अधिवक्ता ज्योति प्रकाश अवस्थी, योगिता सिंह, हरिकरन सिंह, राजनाथ शर्मा, विजय सिंह, चंदन पांडेय, विमल कुमार, सोनू, राम सजीवन, रामपाल आदि मौजूद रहे।