जगतपुर (रायबरेली)। कोतवाली पुलिस ने बुधवार की रात एक गांव में छापा मारकर पांच जुुआरियों को गिरफ्तार किया। मौके से नकदी बरामद की और तीन बाइकों को कब्जे में लिया। छापामारी के दौरान कई जुआरी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए।
जगतपुर कोतवाली क्षेत्र के नट का पुरवा मजरे सुल्तानपुर जनौली में लाखन सिंह की बाग में काफी समय से खाकी के शह पर जुआ खेला जा रहा था। इसकी जानकारी नवागत कोतवाल भरत उपाध्याय हो गई। इस पर कोतवाल ने टीम के साथ छापा मारा तो वहां पर बड़े पैमाने पर जुुआ खेला जा रहा था।
कोतवाल ने बताया कि जगतपुर क्षेत्र के कुतुबपुर बिछौरा गांव निवासी दीपक पटेल, पूरे चौहानन मजरे अलावलपुर निवासी अजय पाल, गदागंज थाना क्षेत्र के जलालपुर धई निवासी मो. ताज, राजा, तकिया निवासी मो. शिब्बू को पकड़ा गया। इन सभी के पास से 12 हजार 710 रुपये मिले। मौके से तीन बाइकें कब्जे में ली गई।
व्यापारियों का पैसा वसूलने वाला गिरफ्तार
ऊंचाहार। गल्ला व्यापारियों का दो करोड़ हजम करने वाले गल्ला आढ़ती को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसे मुखबिर की सूचना पर शिकोहाबाद से दबोचा। जमुनापुर चौराहा निवासी गल्ला आढ़ती सियाराम व उसके बेटे ने चौधरी ट्रेडिंग कंपनी घुरवारा का 27 लाख 50 हजार, गुप्ता ट्रेडिंग कंपनी बाबूगंज का 25 लाख व एचएल ट्रेडिंग कंपनी का 27 लाख सहित कई अन्य गल्ला व्यापारियों का लगभग दो करोड़ रुपये की ठगी कर ली थी।
जब व्यापारियों ने पैसा देने का दबाव बनाया तो वह फरार हो गया। इसके बाद व्यापारियों ने गल्ला आढ़ती, उसके बेटे सहित उसके इस कारनामे में सहयोग करने वाले आगरा के एक व्यापारी मुकेश बघेल के खिलाफ मामला दर्ज कराया था।
पुलिस ने आढ़ती सियाराम को पहले ही जेल भेजा था। उसका बेटा मनीष व सहयोगी फरार था। बुधवार की रात मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने मुकेश को शिकोहाबाद में दबोच लिया। कोतवाल विनोद सिंह का कहना है कि आढ़ती के बेटे की तलाश की जा रही है।