ऊंचाहार (रायबरेली)। कोतवाली क्षेत्र में लखनऊ-प्रयागराज हाइवे पर चडरई चौराहे के पास बाइक सड़क पार कर रहे मवेशी से टकरा गई। इससे बाइक सवार महिला समेत तीन लोग घायल हो गए। आसपास के लोग घायलों को लेकर सीएचसी पहुंचे, जहां अधेड़ को मृत घोषित कर दिया गया। गंभीर रूप से घायल पत्नी को जिला अस्पताल भेज दिया।
कोतवाली क्षेत्र के पट्टी रहस कैथवल गांव निवासी रामकिशोर (55) किसान है। शनिवार को वह अपनी पत्नी शिवकुमारी (52) व बेटे दिनेश कुमार (25) के साथ बाइक से अमेठी जिले के फुरसतगंज थाना क्षेत्र के पोठई गांव अपनी ससुराल शादी समारोह में गया था। सोमवार को वह वापस घर आ रहा था। तभी हाइवे पर चौराहे के पास सड़क पर अचानक गाय आ गई, जिससे तीनों सड़क पर गिर कर गंभीर रूप से घायल हो गए।
लोग घायलों को सीएचसी लेकर पहुंचे, लेकिन तब तक रामकिशोर की मौत हो गई। डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। उसकी पत्नी को बेहोशी की हालत में जिला अस्पताल भेज दिया गया। बेटे का इलाज सीएचसी में हो रहा है। घटना से परिवारीजनों में कोहराम मच गया। घटना की सूचना पुलिस को दी गई। प्रभारी कोतवाली इंचार्ज रामराज कुशवाहा ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।