बछरावां (रायबरेली)। थाना क्षेत्र में सोमवार की दोपहर बेकाबू ट्रक ने बाइक सवार मामा-भांजे को पीछे से टक्कर मार दी। इससे मामा की मौत हो गई, जबकि भांजा गंभीर रूप से घायल हो गया। दोनों एक वैवाहिक कार्यक्रम में शामिल होकर वापस लौट रहे थे।
बाइक सवार लुकईखेड़ा, मौरावां जिला उन्नाव निवासी सौरभ गुप्ता (21) अपने मामा खीरों थाना क्षेत्र के महारानीगंज गांव निवासी संतोष (40) के साथ एक वैवाहिक कार्यक्रम में शामिल होने शिवगढ़ गए थे। लौटते समय बछरावां-मौरावा मार्ग पर मदाखेड़ा पुल के पास सोमवार को करीब ढाई बजे एक ट्रक ने बाइक सवार दोनों लोगों को पीछे से टक्कर मार दी। इससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को सीएचसी बछरावां ले जाया गया, जहां संतोष कुमार को मृत घोषित कर दिया गया। घायल भांजे का सीएचसी में इलाज कराया गया। थानाध्यक्ष राकेश सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। तहरीर मिलने पर मुकदमा पंजीकृत किया जाएगा। (संवाद)
बाइक सवार ने बुजुर्ग को मारी टक्कर, मौत
ऊंचाहार। गदागंज थाना क्षेत्र के मखदूमपुर गांव के पास बाइक सवार युवक ने साइकिल सवार बुजुर्ग को टक्कर मार दी। इससे उसकी मौके पर मौत हो गई। गदागंज पुलिस ने शव कब्जे में लेने के बजाय एंबुलेंस से सीएचसी भेज दिया। घायल युवक को भी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सोमवार को गदागंज थाना क्षेत्र के मनिहर गांव निवासी भगतपाल (65) साइकिल से मखदूमपुर पुलिस चौकी के पास जा रहे थे। तभी कोतवाली क्षेत्र के पिपरहा गांव निवासी बाइक सवार सुरेंद्र कुमार (21) ने साइकिल में टक्कर मार दी। टक्कर तेज होने की वजह से वृद्ध की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। बताते हैं कि चौकी पुलिस ने शव को कब्जे में लेने के बजाय एंबुलेंस से ऊंचाहार सीएचसी भेज दिया। घायल युवक को भी सीएचसी में भर्ती कराया गया है। गदागंज थाना प्रभारी अरविंद सिंह ने बताया कि वृद्ध को घायलावस्था में सीएचसी भेजा गया था। उसके परिजनों को सूचना दी गई है। तहरीर मिलने के बाद कार्रवाई की जाएगी। (संवाद)