रायबरेली। आम जनता की सुरक्षा और आपराधिक गतिविधियों को रोकने के लिए जरायम की दुनिया में कूदे लोगों पर शिकंजा कसने की तैयारी शुरू हो गई है। 100 नए ऐसे अपराधियों को चिह्नित करके उनकी हिस्ट्रीशीट खोली गई है, जो हाल के दिनों में किसी न किसी वारदात में शामिल रहे हैं।
ऐसा होने के बाद इन अपराधियों की हर गतिविधि की संबंधित थाने की पुलिस न सिर्फ निगरानी करेगी, बल्कि इनके किन्हीं आपराधिक गतिविधियों में शामिल होने की संलिप्तता मिलने पर उनके खिलाफ कार्रवाई भी करेगी।
इस साल कई घटनाओं में नए अपराधियों के शामिल होने की बात सामने आई। अपराधियों की हर गतिविधि पर निगरानी रखने के लिए पुलिस ने इन सभी की हिस्ट्रीशीट खोली। इसमें किसी के खिलाफ 13 तो किसी के खिलाफ छह आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस अफसरों का मानना है कि हिस्ट्रीशीट खोलने के बाद इन अपराधियों की आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लग सकेगा, क्योंकि संबंधित थानों की पुलिस उनकी निगरानी करेगी। बकायदा थाने के रजिस्ट्रर पर इन अपराधियों की हर दिन की गतिविधि की जानकारी अंकित की जाएगी।
थानों में लगानी होगी हाजिरी
जिन नए अपराधियों की हिस्ट्रीशीट खोली गई है, उन अपराधियों को माह में अपने-अपने क्षेत्र के थाने पर हाजिरी भी लगानी पड़ेगी। उन्हें क्षेत्रीय पुलिस को बताना होगा कि वह आपराधिक गतिविधियों से दूर हैं। यदि उनके क्षेत्र में कोई किसी तरह की घटना होती है तो भी इन अपराधियों से पूछताछ की जाएगी।
इन पर निगरानी करने की जिम्मेदारी संबंधित बीट के दरोगा व सिपाही के कंधों पर होगी। समय-समय पर पुलिस अफसर स्वयं पड़ताल करेंगे कि जिन अपराधियों की हिस्ट्रीशीट खोली गई है, उनकी निगरानी ठीक तरीके से हो रही है या नहीं। किसी घटना में इनका हाथ पाया जाता है तो संबंधित थानेदार इसके लिए जिम्मेदार होंगे।
100 ऐसे अपराधियों की हिस्ट्रीशीट खोली गई है, जिनका इस साल किसी न किसी घटना में हाथ रहा है। इन लोगों की संबंधित थानों की पुलिस से निगरानी कराई जाएगी। इसके बाद भी इनकी किसी घटना में संलिप्तता पाई जाती है तो संबंधित अपराधी के खिलाफ कार्रवाई होगी। आम जनता की सुरक्षा के लिए पुलिस प्रयासरत है।
श्लोक कुमार, एसपी