रायबरेली। उप्र मेडिकल सप्लाइज कॉरपोरेशन लिमिटेड की प्रबंध निदेशक और जिले की नोडल कंचन वर्मा ने बुधवार को बचत भवन में अधूरे निर्माण कार्यों की समीक्षा की।
लोक निर्माण प्रांतीय खंड के अधिशासी अभियंता निर्माण कार्यों के संबंध में किसी भी सवाल का जवाब नहीं दे पाए। नोडल अधिकारी ने उन्हें प्रतिकूल प्रविष्टि देने के आदेश दिए गए।
यही हाल निर्माण इकाई यूपी सिडको के अवर अभियंता का भी रहा। सवालों का जवाब न देने पर उनके खिलाफ कार्रवाई के लिए शासन को पत्र लिखने के निर्देश दिए गए है। खराब प्रगति पर कई और विभागों के अधिकारियों को कड़ी चेतावनी दी गई। तत्काल प्रगति में सुधार लाने के आदेश दिए।
बैठक में नोडल अधिकारी ने कहा कि सरकार की शीर्ष प्राथमिकता वाले कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। निर्माण कार्यों को गुणवत्ता परक तरीके से समय से पूरा कराया जाए।
उन्होंने कहा कि कोरोना की तीसरी लहर को देखते हुए अधिक से अधिक टीकाकरण के साथ ही मरीजों के इलाज के बंदोबस्त कर लिए जाएं। प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री आवास योजना में प्रगति लाई जाए। निर्माण व विकास के कार्यों में गुणवत्ता व मानक में किसी भी प्रकार की अनदेखी बर्दाश्त नहीं होगी।
निर्माणकार्यों की समीक्षा के दौरान लोकनिर्माण विभाग प्रांतीय खंड के अधिशासी अभियंता डीके कुरील अधूरे कार्यों के संबंध में जवाब नहीं दे पाए। बार-बार उनके सवाल पूछे गए, लेकिन किसी भी सवाल का जवाब न देने पर डीएम वैभव श्रीवास्तव ने उन्हें प्रतिकूल प्रविष्टि देने के आदेश दिए।
बैठक में आए यूपी सिडको के अवर अभियंता भी अधूरे कार्यों के संबंध में जानकारी नहीं दे पाए। निर्माण एजेंसी की कार्यशैली संदिग्ध प्रतीत होने पर शासन को कार्रवाई के लिए पत्र लिखने के आदेश दिए गए।
कई और विभागों के अधिकारियों को प्रगति खराब मिलने पर चेतावनी देकर तत्काल प्रगति में सुधार के आदेश दिए। बैठक में डीएम वैभव श्रीवास्तव, एडीएम प्रशासन राम अभिलाष, डीडीओ एसएन चौरसिया व पीडी प्रेमचंद्र पटेल आदि मौजूद रहे।
1145 कोटे की दुकानों पर आज मनाएं अन्न महोत्सव
उप्र मेडिकल सप्लाइज कारपोरेशन लिमिटेड की प्रबंध निदेशक और जिले की नोडल कंचन वर्मा ने पांच अगस्त को होने होने वाले अन्न महोत्सव की भी समीक्षा की। कहा कि जिले की सभी 1145 कोटे की दुकानों पर अन्न महोत्सव मनाया जाए। तैयारियों को शत प्रतिशत पूरा करवा लिया गया। इसमें लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
कहा, कोटे की दुकानों पर सेल्फी प्वाइंट बनाया जाए तथा बैग सहित राशन प्राप्त करने वाले राशन कार्ड धारकों की सेल्फी लेकर अधिकारियों को भेजी जाए। कार्यक्रम स्थल पर टीवी सेट लगाकर मुख्यमंत्री व प्रधानमंत्री के संबोधन का सजीव प्रसारण भी आम जनमानस को दिखाएं। कार्यक्रम स्थलों पर कोरोना से बचाव के सारे बंदोबस्त होने चाहिए।