जांच के लिए तीन सदस्यीय कमेटी गठित
संवाद न्यूज एजेंसी
सांगीपुर। उदयपुर इलाके में दो माह के बच्चे की जान चली गई। मां ने टीकाकरण को मौत की वजह बताते हुए आशा बहू के खिलाफ उदयपुर थाने में तहरीर दी है। सीएचसी अधीक्षक के नेतृत्व में टीम ने गांव पहुंचकर पड़ताल की। मामले की जांच के लिए तीन सदस्यीय कमेटी गठित की गई है।
उदयपुर थाना क्षेत्र के अठेहा पूरे लोका गांव में बुधवार को आशा बहू ने नौनिहालों को पोलियो समेत अन्य टीके की डोज दी थी। गांव की अनामिका सरोज का आरोप है कि उसके दो माह के बेटे अभय को कुल चार टीके लगाए गए थे। इसी के बाद उसकी तबीयत बिगड़ी थी।
घटना की जानकारी पर सांगीपुर सीएचसी अधीक्षक डॉ. आनंद तिवारी की अगुवाई में स्वास्थ्य विभाग की टीम पड़ताल के लिए गांव पहुंची। पीड़ित परिवार समेत टीकाकरण के अन्य लाभार्थियों से पूछताछ की।
वर्जन
गांव में कुल आठ बच्चों को टीका लगा था, जिसमें अन्य सातों बच्चे सकुशल हैं। परिजनों के आरोप को देखते हुए तीन सदस्यीय टीम का गठन किया गया है। अभी तक की जांच में मौत की वजह टीकाकरण से होने की बात सही नहीं पाई गई।
- डॉ. आनंद तिवारी, अधीक्षक सीएचसी सांगीपुर
वर्जन
परिजनों के आरोप के आधार पर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पीएम रिपोर्ट आने के बाद उचित कार्रवाई की जाएगी।
- राधेबाबू, थानाध्यक्ष, उदयपुर