रेलवे स्टेशन प्लेटफार्म का निरीक्षण करते मंडल वाणिज्य प्रबंधक प्रतीक श्रीवास्तव। संवाद
- फोटो : PRATAPGARH
डीसीएम ने शुक्रवार को मॉडल जंक्शन का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान रेल कर्मचारियों के साथ अफसरों में खलबली मची रही। मंडल वाणिज्य प्रबंधक उत्तर रेलवे के प्रतीक श्रीवास्तव ने प्रतापगढ़ रेलवे स्टेशन की बदहाल व्यवस्था देखकर उन्होंने अधीक्षक समेत अन्य कर्मचारियों की जमकर क्लास लगाई।
डीसीएम ने स्टेशन परिसर के साथ प्लेट फार्म पर गंदगी देखकर बिफर गए। स्टेशन परिसर में अवैध पार्किंग पर भी नाराजगी जताई। स्टेशन अधीक्षक से जवाब तलब कर लिया। स्टेशन अधीक्षक ने बताया कि सफाई के लिए टेंडर नहीं हुआ है। इस पर उन्होंने वैकल्पिक व्यवस्था से सफाई कराने का फरमान सुनाया। करीब सवा दो घंटे तक के निरीक्षण में रिजर्वेशन काउंटर भी देखे। पार्किंग स्थल पर पहुंचे तो स्टैंड में कार की जगह टेपों मिले।
इस पर पार्किंग ठेकेदार को भी उन्होंने जमकर फटकार लगाई। कुछ वाहन संचालकों के वाहन स्टैंड की रसीद भी चेक की। ठेकेदार से कहा कि राजस्व की चोरी करोगो तो लाइसेंस निरस्त कर दिया जाएगा। उन्होने पार्सल घर का भी निरीक्षण किया। स्टेशन पर चल रहे कायाकल्प कार्य का अपडेट लिया। प्रतापगढ़ जंक्शन के बाद डीसीएम दादूपुर रानीगंज स्टेशन का निरीक्षण करने चले गए। दरअसल, दादूपुर स्टेशन का नाम बदल गया है। दादूपुर स्टेशन का नाम मां बाराही देवी हो गया है। उनके दादूपुर निरीक्षण को लेकर कर्मचारियों में खलबली मची रही।