पति से कहासुनी होने के बाद पत्नी ने कमरे में बंद होकर आग लगा ली। कमरे से धुआं निकलते देख पति ने शोर मचाया तो मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने दरवाजा तोड़ा। अंदर देखा तो युवती आग का गोला बनी हुई थी। किसी तरह से आग बुझाने के बाद उसे कुंडा सीएचसी ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
महेशगंज थाना क्षेत्र के हीरागंज रूप का पुरवा गांव निवासी धर्मराज मौर्या का दोपहर में पत्नी से विवाद हो गया। दोनों ने एक दूसरे से खाने-पीने को लेकर विवाद किया। इस दौरान पत्नी सुमित्रा (35) कमरे में चली गई। थोड़ी देर बाद कमरे से धुआं निकला देख धर्मराज को शक हुआ। उसने झरोखे से अंदर झांका। नजारा देख उसके होश उड़ गए। उसने शोर मचाया तो गांव के लोग मौके पर जुटे और दरवाजा तोड़ा। दरवाजा टूटते ही सुमित्रा बाहर की ओर भागी। गांव के लोगों ने किसी तरह से आग बुझाई और उसे लेकर निजी चिकित्सक के पास गए। चिकित्सक ने उसका इलाज करने से इंकार कर दिया। इस पर परिजन उसे लेकर कुंडा सीएचसी पहुंचे। चिकित्सकों ने उसे देखते ही मृत घोषित कर दिया। इससे उसके परिजन बिलख पड़े। उसके पांच बच्चे भी हैं।