अमेठी जिले के मोहनगंज थाना क्षेत्र के धर्मेधाम गांव में मंगलवार की रात लाठियों से पीट-पीटकर एक किसान की न सिर्फ हत्या कर दी गई, बल्कि उसके चाचा, भतीजा समेत चार लोगों को घायल कर दिया।
पानी के पाइप पर पैर रख दिए जाने की मामूली बात पर हमलावरों ने यह खूनी खेल खेला। घायलों का सीएचसी में इलाज कराया गया। पांच हमलावरों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करके पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
अमेठी जिले के एसपी हीरालाल ने घटनास्थल का जायजा लिया और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए।
धर्मेधाम गांव निवासी जगदीश प्रजापति (35) पुत्र महादेव किसानी करता था। उसका भतीजा अंकुश पुत्र हनुमान प्रसाद रात में नित्यक्रिया के लिए गांव के बाहर गया था। गांव का ही रामदीन वर्मा नलकूप से खेत में पानी लगाए हुआ था।
पाइप से पानी खेत में जा रहा था। इसी दौरान अंकुश ने पैर पाइप पर रख दिए। इतनी सी बात पर रामदीन और उसके परिवार के लोगों ने अंकुश की पिटाई कर दी।
जानकारी होने पर जगदीश समेत अन्य परिवारीजन पहुंचे तो हमलावरों ने लाठियों से हमला बोल दिया। जगदीश की लाठी से पीट-पीटकर मरणासन्न कर दिया। सीएचसी तिलोई और फिर जिला अस्पताल के बाद उसे लखनऊ रेफर किया, लेकिन रास्ते में जगदीश ने दम तोड़ दिया।
हमलावरों ने मृतक के चाचा हनुमान प्रसाद, भतीजे अंकुश और चचेरी बहनें मुस्कान व बालकुमारी को घायल कर दिया। घटना के कई घंटे बाद सीओ तिलोई एमएल चौधरी, एसओ रतन सिंह गांव पहुंचे।
एसओ के मुताबिक, घटना में रामदीन वर्मा, उसके बेटे दान बहादुर, पत्नी सुुमित्रा, बहू सीता और साढ़ू रमेश वर्मा निवासी सैंबसी थाना मोहनगंज के खिलाफ हत्या की एफआईआर दर्ज की गई है।
इसमें रमेश को गिरफ्तार कर लिया गया है। एसपी का कहना है कि मामूली बात को लेकर घटना हुई है। आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।