बीसलपुर। एसडीएम ने सोमवार को नगरपालिका की गोशाला का औचक निरीक्षण किया, जहां जलभराव मिला। उन्होंने गोशाला कर्मचारियों को फटकार लगाई और पंपिंग सेट लगाकर तत्काल जलभराव खत्म करने के निर्देश दिए। लापरवाही बरतने पर कार्रवाई की चेतावनी दी गई।
एसडीएम राकेश गुप्ता ने सोमवार को नगरपालिका की गोशाला का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान गोशाला में बाढ़ का पानी भरा मिला और गोशाला की गायें पड़ोस में स्थित बाग में बंधी मिली। गायों के खाने का पर्याप्त बंदोबस्त भी नहीं मिला। एसडीएम द्वारा पूछने पर कर्मचारियों ने बताया कि 17 से 19 अक्तूबर तक हुई भीषण बारिश का पानी गोशाला में भर गया था, जो अभी पूरी तरह खत्म नहीं हो पाया है। गोशाला में जलभराव होने पर गायों को पड़ोस में स्थित बाग में बांध दिया गया था। कर्मचारियों ने यह भी बताया कि बाढ़ के पानी से गोशाला में रखा भूसा और चोकर भी पूरी तरह बह गया था। उसके बाद बाजार से भूसा और चोकर लाकर गायों को खिलाया जा रहा है। एसडीएम ने जब यह पूछा कि अभी तक गोशाला में भरा पानी क्यों नहंी निकाला गया, तो कर्मचारी कोई जवाब नहीं दे पाए। इसी बीच सूचना मिलने पर गोशाला के प्रभारी अंकित वर्मा और सह गोशाला प्रभारी उपेंद्र शंखधार भी आ गए थे। एसडीएम ने व्यवस्थाएं अभी तक सुचारु न कराने के सिलसिले में कर्मचारियों की कड़ी फटकार लगाई और पंपिंग सेट लगाकर जलभराव तत्काल खत्म कराने का निर्देश दिया। एसडीएम ने बताया कि दोषी कर्मचारियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।