पीलीभीत। शाहजहांपुर रेल खंड पर पिछले तीन साल से ट्रेनों का संचालन बंद पड़ा है। आमान परिवर्तन का काम भी कई माह पहले पूरा हो चुका था। शाहजहांपुर स्टेशन पर सिर्फ एनआई (नॉन इंटरलाकिंग) का काम अधूरा रह गया था। जो अब पूरा हो गया है। काम को परखने के लिए चार अगस्त को सीआरएस निरीक्षण होगा। निरीक्षण में सीआरएस को सब कुछ ठीक मिला, तो इसी माह पीलीभीत से शाहजहांपुर के लिए ट्रेन का सफर मिल सकता है।
लंबे इंतजार के बाद अब शाहजहांपुर रूट पर ट्रेनों के संचालन की जल्द ही उम्मीद है। उत्तर और पूर्वोत्तर रेलवे की मध्यस्था के बाद शाहजहांपुर स्टेशन पर एनआई का काम पूरा हो गया है। इससे पीलीभीत से शाहजहांपुर के बीच ट्रेन का संचालन होना तय माना जा रहा है। एनआई के काम की गुणवत्ता देखने के चार अगस्त को सीआरएस निरीक्षण प्रस्तावित हुआ है। चार अगस्त को सुबह 11 बजे से शाहजहांपुर और शहबाजनगर के बीच करीब पांच किलोमीटर के क्षेत्र में सीआरएस (रेल संरक्षा आयुक्त) निरीक्षण करेंगे। करीब तीन घंटा तक निरीक्षण करने के बाद दोपहर बाद दो बजे स्पीट ट्रॉयल कर ट्रैक की क्षमता का जायज लेंगे। सीआरएस को निरीक्षण में सब कुछ ठीक मिला तो जल्द ही इस रूट पर ट्रेन चलने की संभावना है। करीब तीन साल बाद शाहजहांपुर रुट का रेल सफर ब्रॉडगेज के रूप में इतिहास के पन्नों में दर्ज होगा। पीआरओ राजेंद्र सिंह ने बताया कि चार अगस्त को सीआरएस निरीक्षण है। निरीक्षण के बाद स्पीड ट्रायल होगा।
टावर बैगन से अधिकारियों ने लिया जायजा
सीआरएस निरीक्षण को लेकर सोमवार को रेल अफसरों ने टावर बैगन से पीलीभीत-शाजहांपुर के बीच निरीक्षण का व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इससे सीआरएस निरीक्षण के दौरान कोई अव्यवस्था न मिल सके। अधिकारी सीआरएस निरीक्षण को लेकर गंभीरता से तैयारियों में जुटे हुए है।