पीलीभीत के मझोला में दहेज कम मिलने से नाखुश पति व ससुरालियों ने विवाहिता के साथ अमानवीय व्यवहार किया। उसे नौ दिन तक जंजीरों से बांधकर प्रताड़ित किया गया। इसके बाद उसे घर से निकाल दिया गया। एसपी के आदेश पर न्यूरिया पुलिस ने नामजद रिपोर्ट दर्ज की है।
विज्ञापन
न्यूरिया क्षेत्र के एक गांव निवासी महिला ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसकी शादी 22 अप्रैल 2023 को शहर कोतवाली क्षेत्र के रहने वाले युवक के साथ हुई थी। शादी में परिजनों ने हैसियत के अनुसार दान दहेज दिया। पति और ससुराल के अन्य लोग दहेज से खुश नहीं थे। वह मायके से कार और दो लाख रुपये लाने का दबाव बनाते है। असमर्थता जताने पर उसका मानसिक और शारीरिक उत्पीड़न करना शुरू कर दिया।
आरोप है कि पति शराब के नशे में उसके साथ अप्राकृतिक संबंध बनाता था। देवर ने भी कई बार छेड़खानी की। नहाते समय अश्लील वीडियो बना लिया। मारपीट करने के साथ कई बार जान से मारने की नीयत से उसका गला दबाया गया। आरोप है कि 21 जून 2023 को पति और सास जबरन उसे चाचा-चाची के घर लाए और नौ दिन तक जंजीर से बांधकर कमरे में बंद रखा। इस दौरान उसे प्रताड़ित किया गया। 27 जुलाई 2023 को मारपीट कर घर से निकाल दिया गया।