पीलीभीत। दिवाली के अगले दिन शुक्रवार को जिले में गोवर्धन पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। लोगों ने घरों में गोवर्धन महाराज की प्रतिमा बनाकर पूजा अर्चना की। ग्रामीण अंचलों में इसको लेकर खासा उत्साह दिखाई दिया।
शहर में गोवर्धन पर्व को लेकर शुक्रवार को सुबह से ही तैयारियां का सिलसिला शुरू हो गया। घरों में गाय के गोबर से गोवर्धन महाराज की प्रतिमाएं बनाई गई। महिलाओं ने व्रत रखकर विधि-विधान से गोवर्धन महाराज की पूजा अर्चना की गई। घरों में गोवर्धन महाराज की झांकियां भी बनाई गई। कुछ स्थानों पर महिलाओं ने पूजा-अर्चना कर भजन कीर्तन भी किए। महिलाओं ने अपने परिवार की खुशहाली को मनौतियां मांगी। शहर के अग्रवाल सभा भवन में श्री राधा माधव संकीर्तन मंडल की ओर से श्री गिरिराज पूजन महोत्सव हुआ। श्री गिरिराज का पंचामृत से अभिषेक किया गया। लोगों ने छप्पनभोग लगाकर गिरिराज महाराज की मानसी परिक्रमा की। महोत्सव में पहुंचे श्रद्धालुओं ने भजन कीर्तन भी किए। आरती व प्रसाद वितरण के साथ कार्यक्रम संपन्न हुआ।
तुलाराम स्थित राधा कृपा आश्रय में श्री गिरिराज अन्नकूट उत्सव का भव्य आयोजन किया गया इसमें बृज की पद्धति के अनुसार पूजा हुई। गिरिराज जी के विग्रह का पूजन पंडित शिव मोहन एवं आकाश नारायण पाराशर ने कराया। भजन की गूंज हुई।
पूरनपुर। गोवर्धन पूजा और अन्नकूट का पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। महिलाओं ने ब्रत रखकर गोवर्धन की प्रतिमा बनाई। विधि-विधान से गोवर्धन की पूजा की। घरों में भजन गाए गए। परिवार की खुशहाली के लिए मन्नतें मांगी। बच्चों ने गोवर्धन पर्व पर पटाखे दागे। नवीन कुमार गुप्ता, नवनीत कुमार गुप्ता, संदीप जौली, हरगोविंद बाजपेई, शालिनी गुप्ता, गीता गुप्ता, विनीता खंडेलवाल, अपूर्वा गुप्ता, डॉ. सोमपाल शर्मा, दिनेश वर्मा, सर्वेश गुप्ता, सुशील गुप्ता, विमल गुप्ता आदि का सहयोग रहा।
बीसलपुर। महिलाओं ने व्रत रहकर घरों के आंगन में गाय के गोबर से देवी देवताओं की आकृतियां बनाई और उनके ऊपर सींकों का गोवर्धन पहाड़ बनाकर खड़ा किया। बाद में महिलाओं ने उन देवी देवताओं की पूजा अर्चना की, प्रसाद चढ़ाया और मनौतियां मांगी। महिलाओं ने चावल के आटे से बने जलपान को ग्रहण कर व्रत का परायण किया। इस पर्व को लेकर महिलाओं में काफी उत्साह देखा गया। मोहल्ला दुबे स्थित गोविंद आश्रम में इसी पर्व के सिलसिले में अन्नकूट महोत्सव भंडारे का आयोजन हुआ। पुजारी राममूर्तिदास, राहुल शंखधार, रोहित कुमार और संदीप दुबे आदि लोगों का विशेष सहयोग रहा। बिलसंडा व आसपास क्षेत्रों में गोवर्धन पर्व परंपरागत ढंग से मनाया गया। घरों में विशेष पूजा अर्चना की गई। महिलाओं ने व्रत रखकर मनौतियां मांगी।