पूरनपुर क्षेत्र में नहर में छात्र की तलाश करता ग्रामीण।
- फोटो : PILIBHIT
पूरनपुर। बीएड के लापता छात्र का मंगलवार को तीसरे दिन भी सुराग नहीं लग सका। नहर किनारे झाड़ियों में उसकी चप्पलें मिली। तीसरे दिन भी परिजन गोताखोर के सहयोग से तलाश करा रहे हैं। पुलिस और प्रशासन का साथ नहीं मिल रहा है।
नगर से सटे गांव नरायनपुर निवासी शेरपुरकलां में परिषदीय स्कूल में तैनात वासुदेव यादव का पुत्र और बीएड का छात्र कपिल यादव रविवार को घर से कुछ देर में आने की बात कहकर स्कूटी से निकला था। इसके बाद घर नहीं लौटा। रविवार सुबह 8.34 बजे उसके मोबाइल की लोकेशन असम हाईवे के सिरसा चौराहा के समीप मिली। पुलिस ने छात्र की गुमशुदगी दर्ज की। रविवार को दोपहर को उसकी स्कूटी नगर से 10 किलोमीटर दूर हरदोई ब्रांच नहर की पटरी पर मिली थी। छात्र के नहर में डूबने की आशंका पर उसकी तलाश नहर में शुरू की गई।
कई गोताखोर नहर में उतारे गए। सोमवार शाम को छात्र की चप्पलें नहर पटरी पर झाडिय़ों में मिली। मंगलवार को भी सुबह से छात्र को ढूंढने को नहर में गोताखोर जुटे रहे। मगर शाम साढ़े चार बजे तक उसका सुराग नहीं लग पाया। छात्र का सुराग न लगने पर उसके परिजन की चिंता बढ़ती जा रही है। कोतवाल अशोक पाल ने बताया कि छात्र के नहर में डूबने की आशंका पर उसकी नहर में तलाश कराई जा रही है। शीघ्र ही छात्र को ढूड निकाला जाएगा।
पुलिस का सहयोग न मिलने से नाराजगी
छात्र के पिता वासुदेव यादव तीन दिन बाद भी पुत्र का सुराग न लगने से चिंतित है। उन्होंने पुलिस-प्रशासन पर पुत्र को तलाशने में सहयोग न करने का आरोप लगाया है। बताया कि सोमवार को पुलिस नहर के समीप मौजूद रही। मगर मंगलवार को कोई पुलिसकर्मी नहीं पहुंचा। अब तक नहर में अपने स्तर से ही गोताखोरों से पुत्र की तलाश करा रहे हैं। पीएसी, एसएसबी की टीम तीसरे दिन भी नहीं बुलाई गई।