अरमान उर्फ हैदर की हत्या शनिवार की रात दस से बारह के बीच हुई थी। इस बात का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हुआ है। पुलिस दूसरे दिन भी हत्या के कारणों व हत्यारों का पता नहीं लगा सकी है। अब पुलिस हैदर के मोबाइल की काल डिटेल निकलवाकर मामले की छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस को शक है कि उसकी हत्या ईंट भट्ठा और डिश के स्वामित्व को लेकर ही की गई है। उधर परिवारवालों ने कोतवाल से मिलकर घटना का सही वर्कआउट करने की मांग की।
चाचा फईम खां के अनुसार हैदर की न तो किसी से रंजिश थी, न ही किसी से गहरी दोस्ती। उसकी कहीं बैठक भी नहीं थी। ऐसे में हैदर की हत्या क्यों और किसने की? यह सवाल आम लोगों के दिमाग में घूम रहा है। हैदर के पिता आफाक खां की शेरपुरकलां के एक ईंट भट्टा व नगर में डिश में साझेदारी थी। पिता की मौत के बाद हैदर व्यवसाय देख रह था।
उन्होंने भी ईंट भट्टा या फिर डिश के स्वामित्व को लेकर हैदर की हत्या होने की आशंका जताई है। पुलिस भी इसी बिंदु पर अपनी जांच कर रही है। इंस्पेक्टर शक्ति सिंह ने बताया कि मृतक हैदर के मोबाइल की कॉल डिटेल निकलवाई गई है। फिलहाल उसी आधार पर पुलिस पड़ताल कर रही है। पुलिस को जांच में घटना स्थल के समीप स्कार्पियों सवार युवकों से झगड़ा होने का क्लू मिला था। इसकी भी पुलिस जांच कर रही है। कोतवाल ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के मुताबिक हैदर की हत्या घटना की रात दस से बारह बजे के बीच हुई है।
गमगीन माहौल में शव सुपुर्देखाक
पोस्टमार्टम के बाद रविवार की शाम हैदर का शव घर लाया गया। शव देखकर परिवार में कोहराम मच गया। देर रात करीब नौ बजे शव को नगर के एक कब्रिस्तान में ले जाकर सुपुर्दे खाक कर दिया गया।
कोतवाल से मिले घरवाले
सोमवार को मृतक के चाचा फईम खां के साथ परिवार के कई लोग कोतवाली पहुंचे और कोतवाल से मुलाकात की। परिवारवालों ने खुलासे की प्रगति की जानकारी ली। साथ ही कोतवाल से कहा कि घटना के खुलासा में भले देर लगे, लेकिन घटना का सही वर्कआउट हो। सूत्रों के अनुसार परिवार के कुछ सदस्यों ने हैदर के व्यावसायिक पार्टनरों को लेकर कुछ जानकारी पुलिस को दी है।