बिलसंडा। थाना क्षेत्र के गांव आजमपुर बरखेड़ा में ट्रैक्टर में लगे रोटावेटर में फंसकर पूर्व प्रधान के पुत्र की शनिवार को मौत हो गई। मृतक की सगाई 15 नवंबर को होनी थी, मगर इससे पहले ही उसकी दर्दनाक मौत हो गई।
आजमपुर बरखेड़ा निवासी निर्देश (21) पुत्र रामऔतार सिंह शनिवार की दोपहर खेत में चल रहे ट्रैक्टर में लगे रोटावेटर की चपेट में आकर उसमें फंस गया। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। किसी तरह से उनको रोटावेटर में से निकाला गया। उनका आधा शरीर रोटावेटर से बुरी तरह कुचल गया था। हादसे की खबर मिलने पर ग्रामीण पहुंचे। मां शांति मौत की खबर सुनकर बेसुध हो गईं। निर्देश की शादी मूसेपुर से शादी तय हुई थी। सगाई 15 नवंबर को होनी थी। तैयारी चल रही थीं लेकिन दर्दनाक हादसे के बाद खुशियां मातम में बदल गई। गांव वाले भी इस हादसे से दुखी नजर आए।