पूरनपुर। एसपी ने कोतवाली के तीन कांस्टेबलों को लाइनहाजिर कर दिया। शोर है कि नगर में एक गोहत्या की वायरल वीडियो पर कार्रवाई की गई है। कोतवाल ने बताया कि वायरल वीडियो पर नहीं गोहत्या की घटनाओं में संलिप्पता पर यह कार्रवाई हुई है। कार्रवाई पुलिस महकमा में चर्चा का विषय बनी हुई है।
सर्किल में गोवंश की हत्या की घटनाएं नहीं रुक रही हैं। हालांकि पुलिस अक्सर गोवंश की हत्या, मांस बरामदगी कर आरोपियों पर कार्रवाई करती है। शोर है कि कुछ पुलिस कर्मियों की मिलीभगत से घटनाएं नहीं रुक रही हैं। मौके पर गोवंश हत्या पकड़े जाने के बाद आरोपियों को भागा दिखाकर, मौजूद आरोपियों को क्लीनचिट देकर दूसरे आरोपियों पर कार्रवाई कर मोटा खेल होता है। नगर में मोहल्ला रजागंज देहात, खानका सहित कुछ मोहल्लों में मांस की दुकानों पर गोवंश के मांस की बिक्री होती है। शुक्रवार को सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुई। जिसमें मोहल्ला साहूकारा कुरैशियान में छह लोगों को एक गोवंश की हत्या करना दिखाया गया था। वायरल वीडियो लोगों में चर्चा का विषय बनी। हालांकि पुलिस का कहना है कि वीडियो कई माह पुरानी है। इधर, एसपी ने कोतवाली में तैनात कांस्टेबल श्याम सिंह व शहनवाज और घुंघचाई पुलिस चौकी में तैनात कांस्टेबल आदित्य राणा को लाइनहाजिर कर दिया। पुलिस कर्मियों पर हुई कार्रवाई लोग सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो होना मान रहे थे। कोतवाल रामसेवक ने बताया कि पुलिस कर्मियों को वायरल वीडियो पर नहीं गोवंश की हत्या की अन्य घटनाओं में संलिप्तता पर लाइनहाजिर किया गया है।