पूरनपुर। नदी के नाले में मिले शव को पुलिस ने बमुश्किल पानी से निकलवाकर कब्जे में लिया। बुधवार देरशाम शव की शिनाख्त गांव कबीरगंज टिब्बा निवासी जमालुद्दी के रूप में हुई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेजा है।
बुधवार शाम को हजारा थाना क्षेत्र में रामनगर-चंद्रनगर के रास्ते पर पुल के समीप पानी में ग्रामीण का शव उतराता होने की सूचना पर एसओ हजारा तेजपाल सिंह टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि शव को बमुश्किल नाले से बाहर निकलवाया गया। एकत्र हुए लोगों से शव की शिनाख्त कराई गई। देरशाम शव की शिनाख्त गांव कबीरगंज टिब्बा निवासी जमालुद्दीन के रूप में हुई। उन्होंने बताया कि जांच में पाया गया कि जमालुद्दीन (55) नशे की हालत में नदी के नाले में गिर गया था। बहता हुआ उसका शव रामनगर-चंद्रनगर के रास्ते पर पुल के समीप आकर उतराने लगा। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद अगली कार्रवाई की जाएगी।