छेड़छाड़ के आरोप में पकड़ा गया बीएसएनएल अधिकारी।
- फोटो : अमर उजाला
मंसूरपुर में चलती रोडवेज बस में नोएडा में कार्यरत बीएसएनएल के एजीएम ने इंजीनियर युवती के साथ छेड़छाड़ और अश्लील हरकतें की। युवती ने अपने साथी कर्मचारियों के साथ आरोपी अधिकारी की धुनाई कर पुलिस के हवाले कर दिया। मंसूरपुर पुलिस ने पीड़िता की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर उसका चालान कर दिया। अदालत ने आरोपी अधिकारी को जमानत पर रिहा कर दिया।
पुलिस के मुताबिक पीड़ित युवती मूलरूप से तेलंगाना प्रदेश की सिंकदराबाद की निवासी है। वर्तमान में वह हरियाणा के गुरुग्राम में एक कंपनी में इंजीनियर है। युवती शुक्रवार रात अपने साथी कर्मचारियों के साथ कंपनी के काम से देहरादून जा रही थी। दिल्ली आईएसबीटी से उत्तराखंड रोडवेज बस में वे सभी सवार हुए।
पीड़िता के साथ एक युवक भी दिल्ली से बस में सवार हुआ था। आरोप है कि खतौली के पास आकर युवक ने पीड़िता को परेशान करना शुरू कर दिया। आरोप है कि आरोपी सोने का बहाना बनाते हुए युवती के साथ अश्लील हरकत और छेड़छाड़ करने लगा। इस दौरान पीड़िता ने अपने मोबाइल फोन से उसकी हरकत के फोटो भी ले लिए और वीडियो भी बना दी।
शुक्रवार की रात करीब एक बजे बस मंसूरपुर क्षेत्र में एक रेस्टोरेंट पर आकर रुकी। इस पर पीड़िता ने शोर मचाते हुए आरोपी युवक की पिटाई कर दी। आरोपी बस से उतर कर भागा, तो पीड़िता के साथी कर्मचारियों ने उसे दबोच लिया तथा धुनाई करके मंसूरपुर पुलिस के हवाले कर दिया। पीड़िता ने उसकी हरकतों की फोटो भी पुलिस को दिखाई।
पुलिस ने पीड़िता की ओर से आरोपी संजय कुमार पुत्र विजय किशोर, निवासी बसंत विहार ( देहरादून) हाल निवासी मालवीय नगर, नई दिल्ली के खिलाफ अश्लील हरकत करने के मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया है। मंसूरपुर इंस्पेक्टर ने बताया कि आरोपी संजय कुमार बीएसएनएल नोएडा सेक्टर-19 में एजीएम पद पर कार्यरत है। पुलिस ने उसका चालान कर कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जमानत पर रिहा कर दिया गया।