दलित कपिल हत्याकांड का खुलासा
बुढ़ाना (मुजफ्फरनगर)। कस्बे में दलित युवक कपिल हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। घटना के दिन कपिल और आरोपी ने एक साथ बैठकर नशीली सिगरेट पी थी। पुलिस ने बताया कि कपिल की जेब में रखे पैसे देखकर लालच में आए आरोपी ने उसकी हत्या कर दी।
कस्बे के मोहल्ला चमारान निवासी दलित युवक कपिल जाटव (20) की आठ सितंबर को गले में फांसी का फंदा लगाकर हत्या कर दी गई थी। उसका शव खाली पड़े ज्वार के खेत में पड़ा मिला था। हत्याकांड के खुलासे की मांग को लेकर दलित समाज की महिलाओं एवं पुरुषों ने कोतवाली का घेराव कर हंगामा किया था। इस घटना में पुलिस ने नौ सितंबर को घटनास्थल के पास आठ जुआरियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की थी। पुलिस क्षेेेेत्राधिकारी हरिराम यादव, इंस्पेक्टर प्रभाकर कैंतुरा और क्राइम इंस्पेक्टर जयभगवान यादव ने प्रेसवार्ता में बताया कि घटनास्थल पर मिले सबूतों, पकड़े गए जुआरियों और परिजनों से पूूछताछ के बाद कस्बे के मोहल्ला रहमत नगर गड्ढों वाली बस्ती के रहने वाले जुआरी अल्ताफ का नाम प्रकाश में आया। पुलिस ने अल्ताफ को मंगलवार को हिरासत में लेकर पूछताछ की। उसने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। अल्ताफ ने पुलिस को बताया कि वे दोनों साथ-साथ सुल्फा की बीड़ी अथवा सिगरेट पीते थे। साथ ही जुआ भी खेलते थे। घटना के दिन दोनों ने खेतों में जाकर नशे वाली सिगरेट पी। कपिल की जेब में उसे काफी नोट दिखाई दिए। इस बीच उसे लालच आ गया। इसी दौरान कपिल जंगल में चल गया। कपिल के मुड़ते ही अल्ताफ ने उसके सिर पर ईंट से वार किया और बेहोश गया। कपिल के गिरते ही उसकी शर्ट से फांसी का फंदा लगाकर हत्या कर दी। हत्या के बाद उसकी जेब में रखे 2540 रुपये निकाल लिए गए। सीओ हरिराम यादव ने बताया कि अल्ताफ ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है। पूछताछ के बाद पुलिस ने अल्ताफ का चालान कर दिया। उन्होंने बताया कि वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने केस का खुलासा करने वाले पुलिसकर्मियों को नगद पुरस्कार देने की घोषणा की है।