मुरादाबाद के कटघर थाना इलाके के पीतल बस्ती में मंगलवार सुबह निर्यात फर्म के सुपरवाइजर का शव मिलने से सनसनी फैल गई। वह सोमवार को फर्म जाने के लिए घर से निकले थे। घर से करीब 500 मीटर की दूरी पर उनका शव पड़ा मिला तो परिवार में कोहराम मच गया।
मौके पर पहुंची कटघर थाना पुलिस ने नाले से फर्म सुपरवाइजर का शव निकलवा कर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। नाले में गिर कर जान गंवाने वाले ओम प्रकाश कटघर थाना क्षेत्र के पीतल बस्ती कमला विहार के रहने वाले थे। वह निर्यात फर्म में सुपरवाइजर थे।
परिवार में पत्नी गुड़िया के अलावा चार बच्चे शांतनु, मुकुल, मनीष और मानव हैं। मृतक के बड़े भाई मुकेश के मुताबिक, शाम गरीब 7:00 बजे भाई निर्यात फर्म जाने के लिए घर से निकले थे। सुबह परिवार वाले उनके लौटने का इंतजार कर रहे थे।
कटघर थाना प्रभारी आरपी शर्मा ने बताया कि शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। परिवार के लोगों ने पूछताछ में बताया है कि वह रोज की तरह सोमवार शाम करीब 7:00 बजे घर से फर्म जाने के लिए निकले थे। परिजन फिलहाल किसी तरह की रंजिश होने से इंकार कर रहे हैं।