ट्रेन में महिला से अश्लील हरकतें करने वाले गार्ड को रेलवे प्रशासन ने सेवा से बर्खास्त कर दिया है। आरोपी गार्ड मुरादाबाद रेल मंडल में तैनात था और नजीबाबाद का रहने वाला है। गार्ड की शिकायत करते हुए दो दिन पहले एक यात्री ने डीआरएम को ट्वीट किया था। ट्वीट किए गए वीडियो में गार्ड महिला से अश्लील हरकतें करता नजर आ रहा है।
वीडियो ट्रेन के गार्ड केबिन की है और घटना के समय आरोपी यूनिफार्म में था। ट्वीट करने वाले व्यक्ति ने गार्ड के खिलाफ कार्रवाई न होने पर प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री से शिकायत करने की चेतावनी भी दी। इस पर डीआरएम अजय नंदन ने संज्ञान लिया। जांच में पाया गया कि आरोपी गार्ड मुरादाबाद में ही तैनात है। उसका रिकार्ड चेक किया गया तो पता चला कि आरोपी 16 मार्च 2022 से ड्यूटी से अनुपस्थित चल रहा है। गार्ड रेलवे के परिचालन विभाग से संबद्ध होते हैं। इस पर डीआरएम ने फौरन सीनियर डीओएम को कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इसके बाद गार्ड को रेल सेवा से बर्खास्त कर दिया गया है।
सूत्रों के मुताबिक वीडियो में दिख रही महिला गार्ड की रिश्तेदार बताई जा रही है। हालांकि मामले की गंभीरता को समझते हुए रेलवे प्रशासन ने आरोपी गार्ड का नाम सार्वजनिक नहीं किया है। सीनियर डीसीएम सुधीर सिंह ने गार्ड के बर्खास्त होने की पुष्टि की है।