मुरादाबाद। त्योहारों को देखते हुए खाद्य विभाग की टीमों ने शुक्रवार को शॉपिंग मॉल, किराना स्टोर और दूध की डेयरियों पर छापे मारे। टीम ने कुट्टू, साबुदाना सहित कई खाद्य पदार्थों, दूध और मावे के नमूने लिए।
विभाग की सात सदस्यीय टीम शुक्रवार को मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी बागीश मणि त्रिपाठी के नेतृत्व में अलग-अलग स्थानों पर छापामारी के लिए निकली। इसमें खाद्य सुरक्षा अधिकारी जगदंबा प्रसाद, वीरेश पाल, ज्योत्सना त्रिपाठी, राजीव वर्मा, धीरज कुमार, हिमांशु सिंह शामिल रहे। अभिहित अधिकारी विनोद सिह के अनुसार, शहर के चंद्र नगर स्थित अपना बाजार और ए मार्ट जनरल स्टोर से टीम ने कुट्टू का आटा और साबुदाना का नमूना लिया।
टीम ने रेलवे कॉलोनी हरथला के सरस्वती किराना स्टोर से कुट्टू आटे का नमूना भरा। चंदन नगर में तारा चंद के यहां से चौलाई के लड्डू और कुट्टू के आटे का नमूना लिया। टीम ने केशव चाट और जूस भंडार की शॉप से बेसन, काबुली चना और चाय की पत्ती का नमूना भरा है। इसकी शिकायत भी मिली थी।
टीम ने दूध की डेयरियों पर भी कार्रवाई की। ठाकुरद्वारा के गांव चंदूपुर में कृष्णा डेयरी के यहां से खोआ, मिश्रित दूध और पनीर का नमूना लिया गया। कांठ क्षेत्र से मिठाई विक्रेता दानिश के यहां से छेने का रसगुल्ला, रिफाइंड सोयाबीन तेल और गुलाब जामुन का नमूना लिया गया है। इन नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है। वहां से रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई होगी।