मुरादाबाद। रुहेलखंड विश्वविद्यालय के एलएलबी और बीएएमएस के विभिन्न परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण किया गया। रजा पीजी कॉलेज रामपुर, मुरादाबाद मुस्लिम डिग्री कॉलेज, हिंदू कॉलेज के निरीक्षण में उड़ाका दल ने तीन नकलची पकड़े। वहीं मुस्लिम डिग्री कॉलेज में दो कमरों में सीसीटीवी कैमरे नहीं लगे मिले।
विश्वविद्यालय का उड़ाका दल सबसे पहले रजा पीजी कॉलेज रामपुर पहुंचा और परीक्षा से संबंधित विभिन्न व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। इसके बाद दल मुरादाबाद मुस्लिम डिग्री कॉलेज पहुंचा। जहां एलएलबी की परीक्षा में एक छात्र और एक छात्रा को उड़ाका दल ने नकल करते हुए पकड़ा। दोनों के पास से नकल की पर्चियां पाई गईं। इस केंद्र पर उड़ाका दल को दो कक्ष ऐसे देखने में आए जहां पर कैमरे नहीं लगे हुए थे, फिर फ्लाइंग स्क्वॉड ने इन कमरों के परीक्षार्थियों को दूसरे रूम में बैठाने की व्यवस्था की। इसके बाद उड़ाका दल ने हिंदू कॉलेज का निरीक्षण किया। यहां उड़ाका दल ने एक छात्रा को नकल करते हुए पकड़ा, उसके पास से किताब के कई पेज मिले। जो उस प्रश्नपत्र से ही संबंधित थे। उड़ाका दल ने छात्रा के खिलाफ अनफेयर मींस केसेज (यूएफएम) की कार्रवाई की। इस दौरान डॉ. रामबाबू सिंह, डॉ. मीनाक्षी द्विवेदी, डॉ. रश्मि रंजन सिंह मौजूद रहे।