मुरादाबाद। जिले में 12 से 14 वर्ष के बच्चों के टीकाकरण में 66 दिन बाद भी शहरी सबसे पीछे हैं। मुरादाबाद शहरी क्षेत्र में सबसे कम 41.8 फीसदी बच्चों को ही वैक्सीन की पहली डोज लग सकी है। दूसरी डोज में लगवाने में शहर वाले सिर्फ बिलारी और डिलारी वालों से आगे हैं। वहीं ठाकुरद्वारा में सबसे अधिक 77 फीसदी बच्चों का टीकाकरण किया जा चुका है।
जिले में 16 मार्च से 12 से 14 वर्ष के बच्चों का टीकाकरण किया जा रहा है। जिले में 1.31 लाख बच्चों को कोरोना से बचाव का टीका लगाया जाना है। शुक्रवार तक जिले में लक्ष्य की तुलना में 56.2 फीसदी बच्चों का टीकाकरण किया जा सका है। इसमें ठाकुरद्वारा वाले सबसे आगे हैं, जबकि मुरादाबाद शहरी क्षेत्र के लोग सबसे पीछे हैं। शहर के अभिभावकों ने बच्चों के टीकाकरण में कम रुचि दिखाई। यही वजह है कि 66 दिनों में मुरादाबाद शहर में लक्ष्य की तुलना में सबसे कम 41.8 फीसदी बच्चों को पहला टीका लग पाया है। हालांकि दूसरी डोज लगवाने में नीचे से तीसरे नंबर पर है। एक दो दिनों में स्कूलों में गर्मी की छुट्टी हो जाएगी। इसके बाद टीकाकरण की रफ्तार और धीमी पड़ सकती है।