सुहागरात पर दूल्हे को नशीला लडडू खिलाकर दुल्हन जेवर और कैश लेकर फरार हो गई। दुल्हन लड्डू का डिब्बा अपने साथ लेकर आई थी। दुल्हन के हाथ से लड्डू खाते ही दूल्हा बेसुध होकर गिर पड़ा। इसके बाद दुल्हन ने जेवर नगदी व कीमती सामान समेटा और चुपके से फरार हो गई। सुबह दूल्हे की आंख खुली तो दुल्हन गायब थी।
नगदी और जेवर भी गायब था। दुल्हन की हरकत से परिवार सन्न रह गया। गांव वाले भी हैरान हैं। मामले की शिकायत पुलिस में की गई है। चौंकाने वाला यह मामला रतनपुर कलां गांव का है। गांव का पिंकू पुत्र आन्नद पाल सिंह विक लांग है। उसका एक पैर पोलियो ग्रस्त है। उसकी शादी नहीं हो रही थी। पिंकू के परिजनों के मुताबिक गांव का सुनील उनके पास आया और उसने कहा कि शादी के लिए एक रिश्ता आया है।
उसने बताया कि पिंकू के लिए रिश्ता खटीमा उत्तराखंड से आया है। शादी जल्दी हो जाएगी। लड़की वाले को बहुत जल्दी है। पिंकू और उसका परिवार तैयार हो गया। शादी करने के लिए सभी लोग खटीमा चले गए। लड़की के परिवार वालों को ब्याह के खर्च के तौर पर पिंकू के परिजनों ने 40 हजार रुपये भी दिए। तीन दिन पहले शादी भी हो गई।
शादी के बाद दुल्हन को विदा करा कर पिंकू घर ले आया। शुक्रवार रात को सुहागरात के वक्त पिंकू की पत्नी संगीता ने पति और पूरे परिवार को अपने हाथ से लड्डू खिलाए। यह लड्डू वह अपने साथ मायके से लाई थी। रात में लड्डू खाकर पूरा परिवार बेहोश हो गया और दुल्हन गायब हो गई।
सुबह परिवार जागा तो दुल्हन को नही देखकर पिंकू व उसके परिवार वालों के पैरों तले जमीन खिसक गई। आसपास दुल्हन की तलाश की गई लेकिन दुल्हन संगीता का कोई पता नही चला। रविवार को मामले की सूचना परिवार ने पुलिस को दी है। पुलिस मामले की जांच के बाद कार्यवाही की बात कह रही है।