मुरादाबाद। मझोला थानाक्षेत्र में रहने वाले एक युवक ने कार सवारों पर पत्नी को अगवा करने का आरोप लगाया है। उसका कहना है कि आरोपी उसके घर से नकदी और जेवर भी ले गए हैं। पीड़ित ने एसएसपी कार्यालय में प्रार्थना पत्र देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
मझोला थानाक्षेत्र के मिलक उत्तमपुर निवासी गोपाल ने तीन लोगों पर पत्नी को अगवा करने का आरोप लगाया है। उसने बताया कि 29 जनवरी को वह घर से बाहर गया था। घर में पत्नी और बच्चे मौजूद थे। शाम को वह घर लौटा तो उसने देखा कि घर में पत्नी मौजूद नहीं है। उसने अपने बच्चे और आस पड़ोस के लोगों से जानकारी की। तब पता चला कि तीन लोग उसकी पत्नी को कार में जबरन बैठाकर ले गए हैं। भोपाल का कहना है कि आरोपी उसके घर में 35 हजार रुपये और सोने-चांदी के जेवर भी बटोर ले गए।
उसने इस मामले की शिकायत मझोला थाने की पुलिस से की, लेकिन पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की। तब पीड़ित ने एसएसपी कार्यालय में प्रार्थना पत्र देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। एसएसपी बबलू कुमार ने मझोला थाना प्रभारी को मामले की जांच कर उचित कार्रवाई के आदेश दिए हैं।