मुरादाबाद। मझोला थानाक्षेत्र में रहने वाली एक महिला ने अपने देवर पर दुष्कर्म की कोशिश करने का आरोप लगाया है। पीड़िता ने महिला थाने में केस दर्ज करा दिया है। जिसमें पति और ससुराल के अन्य सदस्यों पर दहेज उत्पीड़न का आरोपी लगाया है।
पीड़िता ने पुलिस को बताया कि उसकी शादी 13 मई 2019 को बिलारी थानाक्षेत्र निवासी युवक के साथ हुई थी। महिला का कहना है कि शादी के बाद से ही उसे ससुराल में तंग किया जा रहा था। 25 मई 2020 को वह घर में अकेली थी। इसी दौरान वहां देवर आ गया और उसने महिला के साथ दुष्कर्म करने का प्रयास किया। महिला ने इस बात की शिकायत पति से की तो पति और सास ससुर ने भी उसके साथ मारपीट की। इसके अलावा आरोपियों ने उसे धमकी दी कि महिला को जहर का इंजेक्शन लगाकर हत्या कर देंगे। महिला थाना प्रभारी ने बताया कि इस मामले में देवर, पति, सास ससुर समेत छह के खिलाफ विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया गया है। पूरे प्रकरण की जांच की जाएगी। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे। उसी आधार पर कार्रवाई की जाएगी।