चुनार। भौरहीं गांव में शुक्रवार को विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में पुलिस ने शनिवार को आरोपी पति समेत तीन को गिरफ्तार कर चालान किया।
अहरौरा थाना के ग्राम अतरौली कला निवासी रमाशंकर सिंह की पुत्री संध्या सिंह (31) की शादी लगभग तीन वर्ष पहले भौरही के नरेंद्र सिंह पुत्र राधेश्याम सिंह के साथ हुई थी। शुक्रवार को संध्या सिंह का शव कमरे के अंदर फंदे से लटकता मिला। ससुराल पक्ष ने आत्महत्या की बात कही। जबकि रमाशंकर ने दहेज की मांग पूरी न करने पर पुत्री की हत्या का आरोप लगाया। आरोप लगाया है कि विवाह के समय से ही संध्या का पति और उसके ससुराल वाले दहेज के लिए प्रताड़ित करते थे। कार की और पांच लाख रुपये की मांग को लेकर संध्या से मारपीट किया करते थे। तहरीर पर पुलिस ने पति समेत छह लोगों पर दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज किया। कोतवाल गोपालजी गुप्ता ने शनिवार की दोपहर बस स्टैंड के पास से संध्या के पति नरेंद्र सिंह, ससुर राधेश्याम, देवर शैलेंद्र को गिरफ्तार कर चालान किया। संवाद