बेकाबू हुई भीड़, पुलिस ने लाठियां फटकारी।
- फोटो : amar ujala
बॉलीवुड कलाकार साहिल खान की एक झलक पाने के लिए गढ़ रोड पर सैकड़ों युवा बेकाबू हो गए। पुलिस ने कई बार लाठी फटकार कर बेकाबू भीड़ को हटाने का प्रयास किया। साहिल खान गढ़ रोड पर एक शोरूम का उद्घाटन करने पहुंचे थे। आयोजकों ने उत्साहित भीड़ को देखते हुए बिना अनुमति के ही साहिल खान को खुली जीप में बैठाकर रोड शो निकाल दिया। इसके चलते गढ़ रोड पर डेढ़ घंटे जाम के हालात बन गए।
एन चंद्रा की फिल्म स्टाइल से बॉलीवुड स्टार बने साहिल खान को देखने के लिए युवाओं की भीड़ गढ़ रोड राधा गोविंद मंडप के पास दोपहर दो बजे ही पहुंच गई थी। साहिल खान शाम पांच बजे यहां एक हेल्थ सप्लीमेंट के शोरूम का उद्घाटन करने पहुंचे। शहर में साहिल के आने पर एक डांस एकेडमी की तरफ से प्रेसवार्ता का भी आयोजन किया गया था। आयोजन से पूर्व पुलिस या प्रशासन से कार्यक्रम की अनुमति नहीं ली गई। आयोजकों ने साहिल खान को खुली जीप में बैठाकर रोड शो निकलवा दिया। डिवाइडर की एक साइड पूरी तरह बंद हो गई। हालात ये हो गए कि साहिल खान का शोरूम के अंदर पहुंचना भी मुश्किल हो गया। भारी भीड़ के चलते न शोरूम का रिबन कटा और न ही प्रेसवार्ता हो पाई। केक कटिंग कर साहिल खान लौट गए। तीन से चार पुलिसकर्मियों को कई बार लाठी फटकारनी पड़ी। कुछ युवा पार्किंग में खड़ी गाड़ियों की छत पर तो कुछ मंडप के पोल पर चढ़ गए। इंस्पेक्टर नौचंदी प्रेमचंद शर्मा ने कहा कि आयोजन से पहले कोई अनुमति नहीं ली गई थी। मामले में उचित कार्रवाई की जा रही है।
यह भी पढ़ें: राकेश टिकैत ने ली चुटकी: कहा-वोट की खातिर देश को बांट रही भाजपा, राजनीति में अब्बाजान, चचाजान के बाद 'ताऊ' की एंट्री बाकी
आयोजकों को दिया जाएगा नोटिस
गढ़ रोड पर जाम लगने की सूचना पर नौचंदी पुलिस को मौके पर भेजा गया था। आयोजकों ने कार्यक्रम की अनुमति जिला प्रशासन से ली थी या नहीं, इस संबंध में जानकारी ली जाएगी। आयोजकों को नोटिस दिया जाएगा।
- विनीत भटनागर, एसपी सिटी