मेरठ में इंचौली थाना क्षेत्र के सिखेड़ा गांव के पास बृहस्पतिवार दोपहर घूमने गई दो महिला व युवती से बाइक सवार बदमाश ने तमंचे के बल पर कुंडल व सोने की चेन लूट ली। बदमाश उल्देपुर की ओर फरार हो गया। घटनास्थल को लेकर काफी देर तक गंगानगर और इंचौली थाना पुलिस उलझती रही।
मवाना रोड इंचौली थाना क्षेत्र के सिखेड़ा गांव में बबलू परिवार के साथ रहते हैं और किराना की दुकान करते हैं। उनकी 40 वर्षीय पत्नी बबीता, पड़ोस में रहने वाली रितिका और एक अन्य महिला बृहस्पतिवार दोपहर रजवाहे किनारे घूमने गई थी। तभी एक पल्सर बाइक सवार बदमाश वहां पहुंचा। उसने तमंचा निकाला और डराने के उद्देश्य से उन्हीं के सामने लोड कर दिया। उसके बाद तमंचे के बल पर बबीता से सोने के कुंडल, चेन, रितिका से कुंडल और दूसरी महिला से भी कुंडल लूट लिए और उल्देपुर गांव की ओर फरार हो गया।