Meerut News : मेरठ में एक अजीबो-गरीब मामला सामने आया है। एक गांव में 12वीं की छात्रा के पीछे सांप पड़ गया है। बताया गया कि सांप ने छात्रा को चार बार काट लिया। जिससे परिवार दहशत में है। वहीं, यह मामला चर्चा का विषय बना हुआ है।
मेरठ में दौराला क्षेत्र के सरसवा गांव में एक अजीबो-गरीब मामला सामने आया है। कक्षा 12 में पढ़ने वाली एक छात्रा के पीछे सांप पड़ा हुआ है। एक माह में अब तक सांप छात्रा को चार बार काट चुका है। हालांकि, परिजनों ने समय रहते छात्रा को उपचार दिलाया। बार-बार सांप के काटने के चलते परिजनों में दहशत का माहौल बना हुआ है।
विज्ञापन
सरसवा निवासी पूर्व प्रधान महेंद्री देवी ने बताया कि उनकी बेटी दीपा कक्षा 12 की छात्रा है। मां ने बताया कि बेटी खेत के काम भी उसका सहयोग करती है। बताया कि छह सितंबर को दीपा अपनी मां के साथ खेत पर कार्य करने गई थी। इस दौरान एक सांप ने उसे काट लिया।
छात्रा के चिल्लाने पर परिजनों को जानकारी हुई, जिस पर वह उसे लेकर लावड़ पहुंचे और उपचार दिलाया। इसके बाद सांप ने खेत में कार्य करने के दौरान उसे 18 सितंबर को फिर काटा। 29 सितंबर को सांप ने घर पर चारपाई पर सोने के दौरान दीपा को काट लिया।
वहीं, बीते मंगलवार की सुबह को भी सांप ने दीपा को चारपाई पर सोने के दौरान काट लिया। छात्रा के चिल्लाने पर परिजन उसे नगली आजड़ लेकर पहुंचे और उपचार दिलाया। बार-बार छात्रा को सांप के काटे जाने के कारण परिवार के लोगों में दहशत है।
परिजनों का कहना है कि काटने के बाद सांप भाग जाता है। बताया गया कि सांप के बार-बार काटने से उन्हें जागकर रात गुजारनी पड़ रही है। वहीं, गांव में यह मामला चर्चा का विषय बना हुआ है।