नवजात की मौत पर अस्पताल में परिजनों का हंगामा
मेरठ। नौचंदी क्षेत्र में नवजात की मौत से गुस्साए परिजनों ने अस्पताल में हंगामा कर दिया। आरोप था कि अस्पताल की लापरवाही से नवजात की जान गई है। काफी देर नोंकझोक होती रही। इसके बाद वहां मौजूद अन्य लोगों ने किसी तरह परिजनों को शांत कराकर भेजा।
गढ़मुक्तेश्वर के गांव आलमनगर निवासी अवनीश की पत्नी शीनू का पिछले एक साल से निजी अस्पताल में इलाज चल रहा था। 14 सितंबर प्रसव की तारीख दी गई थी। रविवार को अवनीश अपनी पत्नी को रूटीन चेकअप के लिए लेकर मेरठ आ गया। उसने अस्पताल में पत्नी को भर्ती करा दिया। आरोप है कि अस्पताल के वार्ड ब्वाय ने इस दौरान दो ड्रिप चढ़ाई। कुछ घंटे बाद चिकित्सक ने सोमवार सुबह आने की बात कहकर उन्हें छुट्टी दे दी।
बताया जाता है कि अवनीश का एक घर यहां गंगानगर एच ब्लॉक में भी है। प्रसव के लिए केवल एक ही रात बीच में थी, इसलिए वह पत्नी को लेकर गंगानगर आ गया। घर पहुंचने के कुछ देर बाद ही शीनू की तबियत बिगड़ने लगी। आनन-फानन में परिजन उसे अस्पताल लेकर आ गए। यहां भर्ती के बाद महिला की हालत बिगड़ती चली गई। परिजनों ने चिकित्सकों से संपर्क किया लेकिन वह सब सामान्य ही बताते रहे। आरोप है कि महिला को सामान्य प्रसव हुआ लेकिन नवजात की मौत हो गई। इसका पता चलते ही परिजनों ने हंगामा शुरू कर दिया। चिकित्सक से नोकझोंक की। अन्य लोगों ने बड़ी मुश्किल से उन्हें घर भिजवाया।