कूड़ा जलाने के बाद उठता धुआं
- फोटो : अमर उजाला
कूड़े के पहाड़ में आग : निगम पर ठोका प्रतिदिन 25 हजार जुर्माना
दिल्ली रोड पर मंगतपुरम में कूड़े के पहाड़ में आग से शहर में धुएं के गुबार उठने के मामले में प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने नगर निगम पर 25 हजार रुपये प्रतिदिन के हिसाब से जुर्माना ठोका है। कूड़ा जलाने के मामले में कैंट बोर्ड और शोभित विश्वविद्यालय पर भी पांच-पांच हजार का जुर्माना लगाया गया है।
अमर उजाला ने सोमवार के अंक में दिल्ली रोड पर मंगतपुरम में कूड़े के पहाड़ में आग का मामला प्रमुखता से उठाया था। मंगलवार को प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अधिकारी सक्रिय हो गए और निरीक्षण कर नगर निगम पर जुर्माना लगा दिया। कैंट बोर्ड के गेसूपुर स्थित डंपिंग ग्राउंड में भी कूड़ा जलता पाए जाने पर कैंट बोर्ड सीओ को भी जुर्माने का पत्र भेजा गया है। शोभित विश्वविद्यालय पर कार्रवाई के बाद एटूजेड कॉलोनी के पास खाली पड़े प्लॉट में पड़े कूड़े में भी टीम को आग जलती मिली।
लगातार क्षेत्रीय कार्यालय द्वारा कार्रवाई की जा रही है। जनसामान्य को संदेश दिया जा रहा है कि कूड़े को ना जलाएं। यदि कोई कूड़ा जलाता है तो उस पर जुर्माने की कार्रवाई की जायेगी। टीम दिन व रात में लगातार मॉनेटिरिंग कर रही है। ग्रेप से संबंधित सभी विभाग अपनी जिम्मेदारी को निभाएं। -डॉ. योगेंद्र कुमार, क्षेत्रीय नियंत्रण प्रदूषण अधिकारी
निगम के पास नहीं चौकीदार: डॉ. गजेन्द्र
नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. गजेन्द्र सिंह ने कहा कि नगर निगम के पास कूड़ा जलने से रोकने के लिए चौकीदार नहीं हैं। उन्होंने कहा कि कोई शिकायत करे तो हम आग बुझाने का काम कर सकते हैं।