तत्काल हादसा स्थल पर नहीं पहुंचा कोई अफसर
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि कैंट विधायक सत्यप्रकाश अग्रवाल, आरटीओ हिमेश तिवारी, एडीएम सिटी अजय तिवारी, सिटी मजिस्ट्रेट सतेंद्र कुमार सिंह, सीओ अमित राय के अलावा रोडवेज के अधिकारी मौजूद थे, लेकिन कोई तत्काल मौके पर नहीं पहुंचा। काफी देर बाद यह लोग हादसा स्थल पर पहुंचे, लेकिन तब वहां कुछ नहीं था।
बस अड्डे के अंदर लापरवाही करते हैं चालक
बस अड्डे में प्रवेश के लापरवाही से बस चलाने के चलते कई बार बस अड्डे के अंदर हादसे हो चुके हैं। बस की रफ्तार देख यात्री खुद ही बचने के लिए भागते दिखाई देते हैं। यह दृश्य रोडवेज बस अड्डे के अंदर आमतौर पर हर रोज ही दिखाई देता है।
दुकान जाने का मन नहीं था, मौत ले आई बाहर
राजकुमार वर्मा नानू गांव की दुकान खुद देखते थे। एक दुकान उन्होंने बेटे हिमांशु के लिए शहर में ही खुलवाई थी। थाने में बिलखते हुए हिमांशु ने बताया कि हर रोज सुबह वह ठीक समय पर दुकान के लिए निकल जाते थे। शुक्रवार सुबह कुछ अस्वस्थ महसूस कर रहे थे। जैसे-तैसे मन मानकर तैयार हो गए। घर से निकलने से पहले भी कहने लगे कि आज दुकान जाने का मन नहीं कर रहा। हिमांशु ने मना भी किया लेकिन, वह चल दिए।
कार्यक्रम में चालकों से निर्धारित गति से बस चलाने की अपील
शुक्रवार को शुरू हुए सड़क सुरक्षा सप्ताह में भी हर बार की तरह एक प्रचार वाहन को सड़क पर उतार दिया गया। मुख्य अतिथि कैंट विधायक सत्यप्रकाश अग्रवाल ने मौजूद अधिकारियों व रोडवेज कर्मचारियों को सड़क सुरक्षा की शपथ दिलाई। सीओ ट्रैफिक अमित राय ने रोडवेज चालकों से यात्रियों का जीवन सुरक्षित रखने के लिए बसों को निर्धारित गति से ही चलाने की अपील की।