उद्योग बंधु की बैठक में शहर के प्रमुख उद्यमियों ने डीएम दीपक मीणा से अपना दर्द बयान किया। कहा कि शहर में 30 वर्ष से बदहाली है। नगर निगम हर तीसरे साल कर वृद्धि कर देता है। चार साल में एक नाला नहीं बना सका। इस दौरान डीएम को बदहाली की तस्वीरें भी दिखाई गईं।
मेरठ में उद्योग बंधु की बैठक में शहर के प्रमुख उद्यमियों ने डीएम दीपक मीणा से कहा कि नगर निगम टैक्स बढ़ाता है, लेकिन सुविधाएं नहीं देता। उद्यमियों ने औद्योगिक क्षेत्रों की बदहाल सड़कों की तस्वीरें डीएम को दिखाईं। बैठक में चार अधिकारी नहीं पहुंचे जिस पर डीएम ने नाराजगी जताई। तय हुआ कि अब यह बैठक हर महीने के अंतिम शुक्रवार की शाम चार बजे होगी।
विज्ञापन
आईआईए के सदस्यों ने मोहकमपुर औद्योगिक क्षेत्र और स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स में जलभराव, टूटी सड़कों और खराब स्ट्रीट लाइट का मुद्दा उठाया। आईआईए चेयरमैन सुमनेश अग्रवाल ने अमर उजाला माई सिटी में जलभराव और सड़कों पर प्रकाशित खबरें भी दिखाईं।
उद्यमियों ने प्रदूषण नियंत्रण विभाग से एनओसी, विद्युत बिलों में आ रही समस्या भी उठाई। आईआईए के चेयरमैन सुमनेश अग्रवाल ने कहा कि नगर निगम हर तीन वर्ष में हाउस टैक्स बढ़ा देता है। औद्योगिक क्षेत्र में कोई सुविधा 30 वर्ष से नहीं दी गई। चार साल से नाला निर्माण की मांग की जा रही है। जिलाधिकारी ने कहा कि 5 जून से 10 जून के बीच किसी दिन औद्योगिक क्षेत्र में उद्यमियों की समस्याओं को मौके जाकर देखेंगे और समाधान कराएंगे।
आरआर एंटरप्राइज आरके जैन ने कहा कि प्रदूषण नियंत्रण विभाग से दो वर्ष से एनओसी नहीं मिली है। अभिमन्यु खन्ना ने परतापुर क्षेत्र में पैठ और अतिक्रमण के कारण लगने वाले जाम का मुद्दा उठाया।
इस अवसर पर सहायक नगर आयुक्त बृृजपाल सिंह, क्षेत्रीय प्रबन्धक यूपीसीडा सतीश कुमार, मुख्य अग्निशमन अधिकारी संतोष कुमार रॉय, अध्यक्ष मिडफो गिरीश कुमार, कमल ठाकुर, रविन्द्र एलन आदि मौजूद रहे। बैठक का संचालन उपायुक्त उद्योग वीके कौशल किया गया।