सीओ दौराला अभिषेक पटेल ने बताया कि शामली के आलम गांव निवासी अंकित पंवार पुत्र सुधीर पंवार सीडीए अधिकारी के पद पर लैंसडाउन में तैनात थे। अंकित एक हफ्ते के लिए मेरठ के सीडीए कार्यालय में ट्रेनिंग पर आए हुए थे। शनिवार रात अंकित खाना खाने के बाद हॉस्टल से घूमने के लिए निकले थे। इसके बाद अंकित ने बेगमपुल से एक शराब की बोतल खरीदी। जहां पहले से ही खड़े दो टेंपो चालक शराब व अन्य नशा कर रहे थे।
इसके बाद टेंपो चालकों ने अंकित को बहला-फुसलाकर टेंपो में बैठा लिया था। इसके बाद आरोपियों ने अंकित को शराब पिलाकर नशे में धुत कर दिया था। आरोपी अंकित को टेंपो में बैठाकर पहले जीरोमाइल चौराहे पर लेकर पहुंचे। इसके बाद वे अंकित को लेकर सैन्य क्षेत्र में पहुंचे।
इसके बाद वे रोहटा रोड से होते हुए खड़ौली पहुंचे थे। जहां उन्होंने सीडीए अधिकारी के साथ मारपीट कर लूट की घटना को अंजाम दिया। आरोपी टेंपो चालक नशे की हालत में सीडीए अधिकारी को सड़क पर ही फेंक कर चले गए थे। आरोपियों ने सीडीए अधिकारी से एक हजार रुपये व मोबाइल लूट लिया था। पुलिस ने घटना करने वाले दोनों आरोपी टेंपो चालकों को बुधवार देर रात भैसाली बस अड्डे से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने दोनों आरोपियों पर गैर इरादतन हत्या व लूट का मुकदमा दर्ज कर दिया। पुलिस शुक्रवार को दोनों आरोपियों को जेल भेजेगी।