मेरठ में परीक्षितगढ़ थाना क्षेत्र के पसवाड़ा गांव में पिटबुल को लेकर बढ़े विवाद में सिपाहियों के पिता व चाचा के खिलाफ पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है लेकिन मारपीट और आरोपी परिवार के सिपाहियों का जिक्र नहीं किया है। हालांकि पीड़ितों ने एसएसपी से की शिकायत में मारपीट और सिपाहियों के नाम पर धमकी देने के आरोप भी लगाए थे। थाना पुलिस ने ग्राम विकास अधिकारी को पिटबुल पकड़वाने के लिए भी रिपोर्ट भेजी है।
पसवाड़ा गांव निवासी अंकित रुहेला पुत्र सुभाष रुहेला अपनी मां रेणु देवी के साथ मंगलवार को एसएसपी कार्यालय पहुंचे थे। उन्होंने शिकायती पत्र देते हुए बताया था कि पड़ोस के रहने वाले परिवार के जसवीर व निर्दोष ने पिटबुल पाल रखा है, जिसे अक्सर वह खुला छोड़ देते हैं। वह गली के कुत्तों और मोहल्ले के लोगों पर हमला कर देता है। जब लोग इसका विरोध करते हैं तो अपने परिवार के दो युवकों के यूपी पुलिस में सिपाही होने का रौब गालिब करते हैं।
रिपोर्ट दर्ज होने के बाद भी धमकी देने का आरोप
पीड़ित अंकित का आरोप है कि इस मामले में रिपोर्ट दर्ज होने के बाद उनके परिवार को लगातार धमकी दी जा रही है। अब एक सिपाही भी उन्हें धमकी दे रहा है, जिससे उनका परिवार दहशत में है। बृहस्पतिवार को भी उन्होंने इसकी शिकायत पुलिस अधिकारियों से की।
यह भी पढ़ें: मेरठ के सरधना में बड़ी वारदात: छात्र की सरेआम गोली मारकर हत्या, सगे भाइयों ने दिया वारदात को अंजाम